पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • खरीद केंद्र पर मूंगफली की आवक तेज

खरीद केंद्र पर मूंगफली की आवक तेज

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बीकानेर
12 बीघा कृषि मंडी स्थित सरकारी खरीद केंद्र पर मूंगफली की आवक तेज हो गई है। आवक के मुताबिक खरीद नहीं होने से दो से तीन दिनों तक किसानों को इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं भंडारण की उचित व्यवस्था नहीं होने से खरीद केंद्र पर अभी भी 28 हजार बोरी मूंगफली का उठाव शेष है।
गुरुवार को भी सुबह से लेकर शाम तक खरीद केंद्र के आगे मूंगफली से भरी गाडिय़ों की कतार लगी रही।देर शाम तक मात्र 12000 बोरी मूंगफली की खरीद हो पाई। खरीद के मुताबिक उठाव नहीं होने से वापस खरीद व्यवस्था के गड़बड़ाने की स्थिति बन गई है। गुरुवार को खरीद केंद्र पर करीब 150 से 200 गाडिय़ां पहुंची। जबकि खरीद मात्र 70 से 80 गाडिय़ों की ही हो पाई। लूणकरण, श्रीडूंगरगढ़ और बीकानेर में हो रही मूंगफली का भंडारण खारा स्थित प्राइवेट वेयर हाऊस में करवाया जा रहा है। व्यवस्था सुचारू नहीं होने से वेयर हाऊस में मूंगफली से भरी गाडिया पर्याप्त मात्रा में खाली नहीं हो पा रही है। गुरुवार को जहां 12000 बोरी मूंगफली की खरीद हुई वहीं भंडारण मात्र 2800 बोरी का ही हो पाया। उधर, आगे की खरीद के लिए किसान टोकन लेने के लिए खरीद केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं। नैफेड अधिकारियों के मुताबिक खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने रखने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। बारदाना भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। गुरुवार को दो ट्रक बारदाना और पहुंच गया है। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में बीकानेर स्थिति खरीद केंद्र पर दो लाख बोरी बारदाना उपलब्ध है। वहीं नौ जनवरी तक तुली मूंगफली का भुगतान किसानों को किया जा रहा है।