बीएड छात्रों से मांगे जा रहे पैसे!
भास्कर न्यूज - बीकानेर
बीएड कॉलेजों में छात्रों से पैसे मांगे जा रहे हैं। कक्षा में उपस्थित नहीं होने से लेकर प्रायोगिक परीक्षाओं में नंबर हासिल करने के लिए मांगे जा रहे हैं। पैसे नहीं दिए तो कॉलेज ने अटेंडेंस शॉर्ट दिखाते हुए परीक्षा में नहीं बैठने दिया।
ये आरोप है बीएड छात्रों के। ऐसी तमाम शिकायतें कुलपति तक पहुंची है। कुलपति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक परीक्षा नियंत्रक गिरिराज हर्ष व डॉ.अनिल कुमार छंगाणी की अगुवाई में जांच कमेटी बनाई है। कमेटी ने जांच पूरी भी कर ली। रिपोर्ट को कुलपति को पुटअप कर दी गई है। गांधीनगर ((गुजरात)) से लौटते ही कुलपति रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद कार्रवाई करेंगी। सूत्रों के मुताबिक जांच कमेटी ने पाया कि अटेंडेंस के बदले छात्रों से पैसे मांगे जाते हैं। पैसे दिए गए या नहीं वह पुष्ट नहीं हो सका लेकिन छात्रों की अटेंडेंस शॉर्ट है ये भी पुष्ट है।
जांच कमेटी का मानना है कि बीएड कॉलेजों में जो भी बाहर के छात्र होते हैं वे किराये पर कमरा लेकर कक्षाएं अटेंड नहीं करना चाहते। बीएड कॉलेज प्रशासन भी नहीं चाहते कि छात्र नियमित कक्षाएं अटेंड करें क्योंकि ऐसा होने से कॉलेजों को पूरा स्टाफ रखना पड़ेगा। बाहर के छात्र और बीएड कॉलेजों के बीच म्यूचुअल अंडरस्टेंडिंग हो जाती है। परीक्षा से पहले अटेंडेंस पूरी दिखाने के लिए छात्रों से पैसे मांगे जाते हैं। छात्र पैसे देते भी हैं क्योंकि उनको साल भर रहना नहीं पड़ा और खर्चा बच गया। इस बीच कुछ छात्र परीक्षा से पहले पैसे नहीं देना चाहते तो अटेंडेंस शॉर्ट दिखाकर कॉलेज उन्हें परीक्षा से वंचित कर देता है। इसी तरह की कुछ शिकायतें हर साल विवि के पास पहुंचती हैं।
इस साल भी पहुंची तो कुलपति ने जांच कमेटी बनाई। ये सभी जानते हैं कि ऐसा होता है लेकिन पैसे मांगने की पुष्टि नहीं हो पाती लेकिन ये भी सच है कि छात्र नियमित कक्षाएं अटेंड नहीं करते। इस तरह की शिकायतें बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर व चूरू से आती हैं।