- Hindi News
- सिद्धि ने मंत्रियों को बताई शहर की समस्याएं
सिद्धि ने मंत्रियों को बताई शहर की समस्याएं
भास्कर न्यूज - बीकानेर
चौदहवीं विधानसभा के प्रथम सत्र में बीकानेर पूर्व की विधायक सिद्धि कुमारी ने मुख्यमंत्री सहित विभिन्न मंत्रियों से मिलकर बीकानेर की समस्याओं का निराकरण करने एवं विकास की नई योजनाएं बनाने की मांग की। विधायक सिद्धिकुमारी ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को बताया कि वर्ष 1999 जिला परिषद बीकानेर द्वारा तृतीय श्रेणी अध्यापकों की भर्ती के आवेदकों को नियुक्ति दी जाए। उन्होंने संविदा पर लगे कम्प्यूटर ऑपरेटर्स, वेटरनेरी विवि के संविदा कर्मचारियों, अरबन होम गार्डस की समस्याओं का निस्तारण एवं बीकानेर में पशु पक्षियों के संरक्षण के लिए जिला रेस्क्यू सेंटर खोलने की मांग की। चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र राठौड़ से मिलकर विधायक ने राजकीय चिकित्सालय गंगाशहर को सेटेलाइट हॉस्पिटल में क्रमोन्नत करने की मांग की। इसके अलावा चिकित्सा मंत्री से नर्सिंग, डॉक्टर्स तथा होलसेल भंडार फार्मासिस्टों की समस्याओं से भी अवगत करवाया।
शिक्षा निदेशालय बीकानेर को सुदृढ़ कर डीडी कार्यालय बीकानेर खोलने एवं शिक्षा विभाग के पूर्व में संचालित विभागों को बीकानेर में पुन:संचालित करने की मांग विधायक ने शिक्षा मंत्री कालीचरण सर्राफ से की। वहीं उदयरामसर में 33केवी जीएसएस स्थापित करने की मांग विधायक ने ऊर्जा मंत्री गजेन्द्रसिंह खींवसर से की।