टोकन नहीं मिलने से किसान नाराज
भास्कर न्यूज. बीकानेर
मूंगफली की सरकारी खरीद के लिए कृषि मंडी पहुंचे किसानों को टोकन नहीं मिला तो वे नाराज हो गए और खरीद एजेंसी के अधिकारियों का घेराव कर लिया। स्थिति बिगडऩे पर पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
खरीद एजेंसी ने आगे की खरीद के तहत शनिवार को जितने किसानों को टोकन देने के लिए बुलाया उसे कई गुना अधिक किसानों के पहुंचने से यह हालात बन गए। खरीद टोकन लेने के लिए सुबह से ही काश्तकार खरीद केंद्र पहुंचना शुरू हो गए। खरीद केंद्र पहुंचे सभी किसानों ने मूंगफली खरीद के लिए टोकन देने की मांग करने लगे। ऐसे में जिन किसानों को टोकन नहीं मिलने उन्होंने प्रक्रिया को लेकर रोष प्रकट किया और अधिकारियों का घेराव कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। व्यवस्था गड़बड़ाने पर खरीद अधिकारियों ने बीछवाल थाना पुलिस और आरएसी के जवानों को मौके पर बुलाया। बीछवाल थाना एसएचओ इंद्र कुमार ने किसानों ने बातचीत की तो किसानों ने बताया कि खरीद एजेंसी की ओर से सभी किसानों को टोकन नहीं दिए जा रहे हैं। बाद में खरीद अधिकारियों की ओर से वहां मौजूद सभी किसानों को टोकन देने की बात पर मामला शांत हुआ।