चौराहों पर नजर आएंगे हथियारबंद जवान
भास्कर न्यूज. बीकानेर
आमजन की सुरक्षा और अपराधियों की धरपकड़ के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और स्थानों पर हथियारबंद जवान तैनात किए गए हैं।
एसपी संतोष चालके ने बताया कि आमजन की सुरक्षा और आपराधिक गतिविधियां रोकने के लिए शहर में पूर्व में लागू सायंकालीन विशेष गश्त व्यवस्था को फिर से शुरू किया गया है। पुलिस लाइन के जवान शहर के प्रमुख चौराहों और स्थानों पर सायंकाल छह से रात को 11 बजे तक गश्त करेंगे। इनमें हथियारबंद जवान भी शामिल होंगे। पुलिस लाइन के इन जवानों को वाहन में लाने और वापस छोडऩे की व्यवस्था की गई है।
संबंधित थाने के एसएचओ और पुलिस लाइन के संचित निरीक्षक इन जवानों को गश्त पर जाने से पहले ब्रीफ करेंगे। पुलिस लाइन से रात्रिकालीन गश्त के लिए भी जवान भेजे जाएंगे। रात को गश्त के लिए कोटगेट थाना क्षेत्र के लिए आठ, व्यास कॉलोनी के लिए चार, सदर और नयाशहर के लिए दो-दो कांस्टेबल पुलिस लाइन से उपलब्ध करवाए गए हैं। सीओ शहर शिव भगवान गोदारा और सीओ सदर प्रेमदान चारण समय-समय पर सायंकालीन और रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था को चैक करेंगे। गौरतलब है कि पूर्व एसपी हरिप्रसाद शर्मा ने विशेष सायंकालीन गश्त की व्यवस्था की थी। बाद में लोकसभा चुनावों के कारण उसे बंद कर दिया गया। नए एसपी चालके ने इसे फिर से शुरू किया है।