डीपी पचीसिया सम्मानित
बीकानेर. विधानसभा चुनाव-2013 के दौरान मतदाताओं को जागरूक करने के सहयोग देने पर जिला कलेक्टर आरती डोगरा ने बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डीपी पचीसिया को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। पचीसिया के सम्मान पर संघ के अन्य पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
प्रसूताओं को मिलेगा निशुल्क भोजन
बीकानेर. राज्य के सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों पर जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत एक फरवरी से सभी प्रसूताओं को निशुल्क गर्म भोजन सेल्फ हेल्प ग्रुप के जरिये उपलब्ध करवाया जाएगा।जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में शनिवार को सीएमएचओ डॉ.देवेंद्र चौधरी ने बताया कि ब्लॉक सीएमएचओ और संस्था प्रभारी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।स्वयं सहायता समूह की ओर से भोजन का निर्माण स्थानीय स्तर पर किया जाएगा।इस दौरान सीएमएचओ ने स्वच्छता और सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।बैठक में डिप्टी सीएमएचओ डॉ.सागरमल शर्मा, डॉ.अनिल वर्मा, डॉ.हिरामनाथ सिद्ध आदि शामिल हुए।
ईश्वर की कृपा से मिलता है मानव जीवन
बीकानेर. श्रीमद्भागवत कथा के दौरान रामस्नेही संत विष्णुदास महाराज ने कहा कि ईश्वर की कृपा से मानव जीवन मिलता है।इसलिए ईश्वर को सदा याद रखना चाहिए। भगवान की भक्ति को स्मरण के लिए मनुष्य को समय निकलना चाहिए। ईश्वर की कृपा से ही मनुष्य को सही मार्ग मिलता है।महाराज ने नानी बाई का मायरा पर भी विचार रखे।