पानी के लिए प्रदर्शन
भास्कर न्यूज. बीकानेर.
पेयजल आपूर्ति बाधित होने से परेशान क्षेत्रवासियों ने जलदाय विभाग पहुंच कर प्रदर्शन किया।
मुक्ता प्रसाद सेक्टर नंबर दो में स्थित जलदाय विभाग के कार्यालय में मौके पर कोई अधिकारी नहीं मिलने से प्रदर्शनकारी भड़क गए। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय कार्य प्रणाली को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। पार्षद जावेद पडि़हार ने मौके पर अधिकारियों के नहीं मिलने से कार्यालय के समक्ष धरना लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पांच-छह दिनों से पेजयल आपूर्ति बाधित है। पानी नहीं आने से क्षेत्रवासियों को परेशान होना पड़ रहा है। बावजूद इसके विभाग ने अभी तक कोई व्यवस्था नहीं की है। यहां तक की क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनने के लिए कार्यालय में भी अधिकारी मौजूद नहीं है। क्षेत्रवासियों के रोष को देखते हुए वहां मौजूद कर्मचारियों ने पेयजल सप्लाई शुरू की। जिसके बाद मामला शांत हुआ। उधर, पेयजल आपूर्ति के बाधित होने से नाराज युवा भाजपा नेता विजय मोहन जोशी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने नत्थूसर टंकी पर पहुंच कर प्रदर्शन किया। जोशी ने बताया कि शोभासर प्लांट की मुख्य लाइन का मरम्मत कार्य होने की वजह से पिछले पांच दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है। इस संबंध में विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। जबकि अधिकारी मौन धारण किए हुए है। जोशी ने इस संबंध मे जिला कलेक्टर को अवगत करवाया। कलेक्टर ने आवश्वासन दिया कि इस संबंध में जल्द की सुचारू व्यवस्था की जाएगी।