दो दिन की धूप ने बढ़ाए तेवर
बीकानेर - दो दिन से आसमान साफ होने और तेज धूप के कारण मौसम का मिजाज ही बदल गया। दिन की चटक धूप के कारण रात का पारा भी चढ़ गया। दो दिन से अब न तो कोहरा नजर आ रहा है और न ही दिन में बादल। आसमान साफ होने के कारण सुबह से ही धूप निकल रही है। 12 बजे तक तो धूप भी अच्छी लगी लेकिन दोपहर में अधिक देर तक लोग धूप में नहीं बैठ सके। इस बीच सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बीती रात का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।हालांकि हवा की गति तीन किलोमीटर प्रति घंटा रही लेकिन तेज धूप के कारण हवा भी अपना असर नहीं दिखा सकी। जानकारों का कहना है कि जिस हिसाब से धूप दो दिन से निकल रही है उसी हिसाब से धूप आगे भी दो-चार दिन निकली तो मौसम का मिजाज और बदल जाएगा।