पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • लोकतांत्रिक व्यवस्था का पूर्वाभ्यास है चुनाव

लोकतांत्रिक व्यवस्था का पूर्वाभ्यास है चुनाव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बीकानेर
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री सतीश पूनिया ने कहा कि छात्रसंघ लोकतांत्रिक व्यवस्था का पूर्वाभ्यास है। जाति विहीन मानसिकता, स्वाभिमान और गरीब की सेवा का संकल्प ही छात्रों को आगे ले जाएगा। वे सोमवार को वेटरनरी विश्वविद्यालय केन्द्रीय छात्रसंघ व कृषि महाविद्यालय छात्रसंघ कार्यालय के अलग-अलग उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे। दोनों ही जगह पूनिया ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की युक्ति का हवाला देते हुए कि देश की खुशहाली का रास्ता खेत और खलिहानों से होकर जाता है। आशावादी दृष्टिकोण रखकर ही देश की तस्वीर कृषि व वेटरनरी छात्र बदल सकते हैं। कॉलेज और विवि के बीच सामंजस्य को बनाए रखने की जरूरत भी बताई।
सांसद अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि जलवायु परिस्थितियों में पशुधन सच्चा साथी है। पशु उत्पादों से खेती-बाड़ी के साथ-साथ हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम, डेयरी और अन्य उत्पादों से जुड़े हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी में देशभक्ति का जज्बा बरकरार रखने के लिए कहा। वेटरनरी विवि में समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ.ए.के.गहलोत ने कहा कि पशुपालन राज्य में वरदान है। विविध परिस्थितियों में भी इससे राज्य के किसानों और पशुपालकों को हमेशा संबल मिला है। राज्य के करीब छह करोड़ पशुधन की रक्षा और उनका लालन-पालन में विवि और वेटरनरी छात्रों की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। विशिष्ट अतिथि व बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि छात्रों को अपने कैरियर के प्रति सतर्क और सजग रहना चाहिए और अच्छे अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
इस मौके पर केन्द्रीय छात्रसंघ अध्यक्ष गोविंद सिंह धाकड़, वेटरनरी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष सुरेश कुमार पलसानिया ने छात्रों के पी.जी.छात्रवृत्ति और इंटर्नशिप भत्ता मेडिकल छात्रों के समकक्ष करने की मांग की। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री राजेश गुर्जर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।वेटरनरी कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ.बी.के.बेनीवाल ने सभी का स्वागत और व डीएसडब्ल्यू डॉ.आर.एन.कच्छावा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।