भाजपा में अब कोई गुट नहीं
भास्कर न्यूज - बीकानेर
गुलाबचंद कटारिया, अरुण चतुर्वेदी जैसे तमाम नेता भले ही मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद वसुंधराराजे के विरोधी गुट से परे माने जाने लगे हों लेकिन घनश्याम तिवाड़ी और राव राजेन्द्रसिंह जैसे कई नाम अब राजे विरोधी खेमे से माने जाने लगे हैं लेकिन प्रदेश भाजपा महामंत्री सतीश पूनिया इसे सिर्फ चर्चा ही मानते हैं। सोमवार को विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने आए पूनिया ने कहा कि भाजपा में अब कोई गुट नहीं है। जो सत्ता में हैं वे सरकार चला रहे हैं और जो संगठन में वे पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं। घनश्याम तिवाड़ी और राव राजेन्द्र सिंह जैसे कई बड़े नामों को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करने के सवाल पर पूनिया ने कहा कि अभी मंत्रिमंडल का विस्तार बाकी है। लोकसभा का चुनाव भी बाकी है। किस नेता का कहां उपयोग होना है यह राजे बखूबी जानती हैं। लोकसभा चुनाव बाद ये सवाल खुद ब खुद समाप्त हो जाएगा। हारने वाले दिग्गज नेताओं को सत्ता या संगठन में जिम्मेवारी देने के सवाल पर पूनिया ने कहा कि कोई जरूरी नहीं कि सभी को समायोजित किया जाए। वे पार्टी का काम करेंगे और जरूरत हुई तो उनसे संगठन या सरकार में काम लिया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी विधानसभा चुनाव से भी बड़ी जीत हासिल करेगी। नया प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और संगठन मंत्री के चयन के सवाल पर पूनिया ने कहा कि यह काम केन्द्रीय नेतृत्व का है और वे जरूरत महसूस करेंगे तब चयन करेंगे। पूनिया के यहां पहुंचने पर सर्किट हाउस में शहर भाजपा अध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी, विजय आचार्य, चेतन राजपुरोहित, भगवानसिंह मेड़तिया, गौरीशंकर अग्रवाल सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।