सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति हो
बीकानेर - जनसंख्या के आधार पर सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति एवं नगर निगम बीकानेर द्वारा सत्र 2013 में लॉटरी भर्ती प्रक्रिया में चयनित हुए 601 सफाई कर्मचारियों को भर्ती में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर वाल्मीकि सामूहिक संघर्ष समिति ने भाजपा के प्रदेश महामंत्री सतीश पुनिया एवं सांसद अर्जुनराम मेघवाल को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष सुनील जावा ने बताया कि प्रतिनिधि मंडल में जगदीश सोलंकी, सुखदेव जावा, चोरू राम चांवरिया, गजानंद चांवरिया आदि शामिल थे।
वैद्य मघा राम कॉलोनी में नहीं होती सफाई
बीकानेर - मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियान के तहत बीकानेर में अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए वार्ड चार के लोगों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। वार्ड के दीपक गोदारा ने बताया कि वार्ड के कोठारी अस्पताल से वैद्य मघा राम कॉलोनी की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर नियमित सफाई नहीं होने से कचरे के ढेर लग गए हैं तथा हर समय आवारा पशु मंडराते रहते हैं।
शहीद कै. चन्द्र चौधरी पार्क का विकास हो
बीकानेर - शहीद कैप्टन चंद चौधरी पार्क का विकास करवाने की मांग को लेकर शहीद कैप्टन चन्द्र चौधरी मेमोरियल ट्रस्ट ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा हे। ट्रस्ट के युधिष्ठिरसिंह, विजय कोचर आदि ने बताया कि पार्क के बाद चौराहा होने के कारण यहां यात्री भार ज्यादा रहता है। लेकिन पार्क में गंदगी व कचरा होने से लोग यहां बैठ तक नहीं सकते।
सोलंकी प्रकोष्ठ अध्यक्ष
बीकानेर - भाजपा कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक पेंटर भोजराज सोलंकी ने प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पद पर भगवान सोलंकी को नियुक्त किया है।
28 को जाएंगे कांग्रेस पदाधिकारी
बीकानेर - लोकसभा चुनाव के तहत जयपुर में 29 व 30 जनवरी को प्रस्तावित कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक में भाग लेने बीकानेर शहर व देहात के पदाधिकारी 28 जनवरी को रवाना होंगे। महामंत्री शिवलाल गोदारा ने बताया कि बीकानेर के प्रभारी सोहन नायक व लक्ष्मण कड़वासरा के नेतृत्व में पदाधिकारी रवाना होंगे। जयपुर में होने वाली बैठक में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट, राजस्थान प्रभारी गुरुदास कामत, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वरी डूडी पदाधिकारियों से रूबरू होंगे।
सींगी व चोरडिय़ा के नेत्रदान
बीकानेर - गंगाशहर नई लाइन निवासी जेठमल सींगी व चोरडिय़ा चौक निवासी माणकचंद चोरडिय़ा के निधन के बाद उनके नेत्र पटेल नेत्र बैंक के लिए संग्रहित किए गए है। सींगी व चौरडिय़ा के परिजनों ने संस्थान पदाधिकारियों से संपर्क किया। संस्थान के अशोक कोचर, बाबूलाल महात्मा व अरिहंत डागा ने दोनों के नेत्र पटेल नेट बैंक के लिए संकलित किए, जिनका पीबीएम हॉस्पिटल में चार जरूरतमंदों को प्रत्यारोपण होगा।
बैठक नौ फरवरी को
बीकानेर - श्री विश्वकर्मा सुथार समाज सामूहिक विवाह समिति की बैठक नौ फरवरी को होगी। समिति मंत्री कन्हैयालाल बरड़वा ने बताया कि बैठक में कार्यकारिणी का चुनाव होगा।
प्रजापति छात्रावास में हॉल का लोकार्पण
बीकानेर - खतूरिया कॉलोनी स्थित प्रजापति छात्रावास में सांसद निधि से निर्मित हॉल का लोकार्पण सांसद अर्जुनराम मेघवाल ने किया। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी लोगों को अपने मूल अधिकार के साथ-साथ कर्तव्य का निर्वहन भी करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता चंपालाल गेदर ने की।