पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बीकाजी रफ्तार में ड्राइविंग का रोमांच

बीकाजी रफ्तार में ड्राइविंग का रोमांच

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बीकानेर
रफ्तार से दौड़तीं गाडिय़ां और चारों तरफ धूल के गुब्बार। हर तरफ कार, जीप और मोटर बाइक्स का शोर। दूर टीबे पर खड़े हुटिंग करते दर्शक।
यह नजारा था धोरों के बीच हुई मोटरकार रेस का। बीकानेर में पहली बार दैनिक भास्कर की मीडिया पार्टनरशिप में ड्यून एडवेंचर्स स्पोट्र्स क्लब सहित अन्य सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में ‘बीकाजी रफ्तार’ का आयोजन रविवार को शिवबाड़ी क्षेत्र में किया गया। बड़ी संख्या में शहर के लोगों ने इसमें बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। रेस में करीब 40 कार, जीप और मोटर बाइक ने अपनी रफ्तार दिखाई। टेड़े-मेढ़े रेतीले रास्तों पर कट मारते हुए गाडिय़ां दौड़ीं तो दूर-दूर तक धूल ही धूल छा गई। रेत के ऊंचे धोरों पर खड़े दर्शक हुटिंग कर ड्राइवर्स को जोश दिला रहे थे। इस एडवेंचर को देखने काफी लोग परिवार सहित भी पहुंचे।
रेंज के आईजी लक्ष्मीनारायण मीणा ने झंडी दिखा कर रफ्तार का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भास्कर के प्रयास और क्लब के साहस की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बीकानेर में इस तरह के आयोजन युवाओं को एडवेंचर के लिए प्रेरित करते हैं। दैनिक भास्कर के यूनिट हैड सौरभ खिडिय़ा ने आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भास्कर हमेशा से ही बीकानेर के लोगों के लिए स्पेशल इवेंट करता रहा है। उन्होंने साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।
इवेंट के सीनियर कॉर्डिनेटर अरविंद बालान ने बताया कि युवाओं के उत्साह को देखते हुए इस प्रकार का एडवेंचर फिर से करने पर विचार किया जाएगा। युवाओं में जोश और जुनून की कमी नहीं है। आयोजन में संग्राम सिंह, दिग्विजय सिंह, हर्षवर्धन सिंह व शक्ति सिंह ने विशेष योगदान दिया। सीओ सदर प्रेमदान चारण व जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना एसएचओ राजेश ढाका भी इस अवसर पर मौजूद थे। शाम को बल्लभ गार्डन स्थित होटल चिराग में पुरस्कार वितरण समारोह हुआ, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।