पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 22 फरवरी तक भी तीन ग्रुप में ही मिलेगा पानी

22 फरवरी तक भी तीन ग्रुप में ही मिलेगा पानी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बीकानेर
तीन समूह में पानी चलाने के निर्णय और भाजपा विधायकों के चार ग्रुप में पानी की मांग को लेकर भले ही हनुमानगढ़ जोन के मुख्य अभियंता को एपीओ कर दिया गया हो लेकिन हालात अभी भी नहीं सुधरे।
मंगलवार को भाखड़ा-व्यास मैनेजमेंट बोर्ड ((बीबीएमबी)) की बैठक हुई जिसमें 22 फरवरी तक तीन ग्रुप में ही पानी चलाने का निर्णय हुआ है। हनुमानगढ़ जोन के कार्यवाहक मुख्य अभियंता विरदीचंद ने बैठक में भाग लिया। बीबीएमबी की तकनीकी समिति की बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ इलाकों में बारिश होने से पौंग डेम में पानी का इन फ्लो बढ़ा है बावजूद इसके किसानों को तीन समूह में ही पानी दिया जाएगा। राहत की बात यह है कि 22 फरवरी के बाद चार समूह में पानी चलाए जाने की संभावना है।
दरअसल नहर प्रशासन पूर्व में घोषित किए गए चक्रीय कार्यक्रम का फायदा उठा रहे हैं। दरअसल पिछले महीने ही नहर प्रशासन ने तीन समूह का चक्रीय कार्यक्रम 22 फरवरी तक घोषित किया था। इसके दो चरण बनाए थे। पहला चरण 28 जनवरी और दूसरा चरण 29 जनवरी से 22 फरवरी तक घोषित किया गया था। मंगलवार को पहला चरण पूरा होने के बाद किसानों को उम्मीद बंधी थी दूसरे चरण में नहर प्रशासन संशोधन करेगा और चार समूह में पानी मिलेगा मगर ऐसा नहीं हुआ। पूर्व में घोषित चक्रीय कार्यक्रम को बदस्तूर जारी रखा गया। सूत्र बताते हैं कि नहर प्रशासन का कहना है कि अभी सर्दी है इस कारण सिंचाई के पानी की कम जरूरत है। फरवरी में गर्मी बढ़ेगी तो पानी की जरूरत भी बढ़ेगी। तब तक इन फ्लो से डेम में पानी भी बढ़ जाएगा। राजनीतिक तौर पर देखें तो फरवरी के बाद लोकसभा चुनाव की सरगर्मी भी तेज हो जाएगी और किसानों को चार समूह में पानी देकर उन्हें राजी किया जा सकता है। हनुमानगढ़ मुख्य अभियंता विरदीचंद ने बताया कि 22 फरवरी से पहले पानी की समीक्षा की जाएगी। इसमें विधायकों से भी राय ली जाएगी और उसके बाद ही 23 फरवरी से चलने वाले पानी का चक्रीय कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।