संभाग स्तरीय पर्यटन स्थल होंगे विकसित
बीकानेर - मरुनगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संभाग स्तरीय पर्यटन स्थलों को विकसित करवाया जाएगा। पर्यटन मुख्यालय ने केंद्रीय प्रवर्तित योजना और राज्य योजना के तहत सभी जिलों से पर्यटन विकास कार्य करवाने के संबंध में प्रस्ताव मांगें है। योजना के तहत राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकास कार्य करवाए जाएंगे। स्थानीय पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने इस संबंध में तैयारियां शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण पर्यटन और शहर के मुख्य-मुख्य पर्यटन स्थलों के विकास और जीर्णोद्धार को लेकर प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। सहायक पर्यटक अधिकारी पुष्पेंद्र प्रताप सिंह राठौड़ के मुताबिक बीकानेर संभाग स्तर पर हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर जिले में स्थिति पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर रूपरेखा तैयार की जाएगी। जिला प्रशासन से अनुमोदन के बाद प्रस्ताव मुख्यालय भेजे जाएंगे।