- Hindi News
- विद्यार्थी मित्रों ने फूंका शिक्षामंत्री का पुतला
विद्यार्थी मित्रों ने फूंका शिक्षामंत्री का पुतला
भास्कर न्यूज - बीकानेर
शिक्षामंत्री के बयान से आक्रोशित विद्यार्थी मित्र शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विरोध स्वरूप शिक्षामंत्री का पुतला फूंका और नारेबाजी की।
राजस्थान विद्यार्थी मित्र शिक्षक संघ के बैनर तले मंगलवार को जिलेभर के विद्यार्थी मित्र शिक्षक कलेक्ट्रेट में एकत्रित हुए। जिलाध्यक्ष जगदीश कड़वासरा ने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान शिक्षामंत्री ने एक प्रश्न के जवाब में उत्तर दिया कि विद्यार्थी मित्र शिक्षकों को अनुबंध पर लगाया गया है। लिहाजा इन्हें नियमित करने का कोई प्रस्ताव वर्तमान में विचाराधीन नहीं है। शिक्षामंत्री की ओर से दिए गए इस बयान से विद्यार्थी मित्र शिक्षकों में रोष है।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम का पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर को बताया कि मदरसा शिक्षक, शिक्षाकर्मी एवं पैरा टीचर की तरह विद्यार्थी मित्र शिक्षकों का पद सुरक्षित कर राहत प्रदान की जाए। इससे पूर्व प्रदर्शन में रमजान खान, मनोज शर्मा, दीवान दान रतनू, जैसाराम मेघवाल, तेजाराम कमलिया, लीलाधर, गिरधारी, मनोज बाना, गोपीराम सारण, भगवानाराम आदि शामिल हुए।