- Hindi News
- गुमशुदा बच्चों की सूचना 24 घंटे में बाल कल्याण समिति को दें
गुमशुदा बच्चों की सूचना 24 घंटे में बाल कल्याण समिति को दें
बीकानेर - समेकित बाल संरक्षण योजना और नवजीवन योजना की प्रगति से संबंधित मंगलवार को जिला स्तरीय बैठक में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, विशेष किशोर पुलिस इकाई व स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में तय किया गया कि गुमशुदा बच्चों के संबंध में दर्ज प्रत्येक मामले की जानकारी 24 घंटे के अंदर-अंदर बाल कल्याण समिति को उपलब्ध करानी होगी। वहीं थानों में स्थापित महिला एवं बाल हेल्प डेस्क के प्रभारी, बाल कल्याण अधिकारी के साथ समन्वयक कर बच्चों से जुड़े विभिन्न मामलों में प्रभावी ढंग से कार्रवाई करें।नवजीवन योजना के तहत मूलभूत सुविधाओं के विकास को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ((शहर)) राजेंद्र कुमार, जयनारायण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एल.डी.पंवार, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष डॉ.प्रभा भार्गव, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य एन.के.शर्मा, डीईओ प्रारंभिक सुभाष शर्मा, समाज कल्याण अधिकारी विक्रम सिंह शेखावत आदि शामिल हुए।