जन समस्याओं का हो समाधान
भास्कर न्यूज - बीकानेर
विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन भेज कर अपने अपने क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करवाने की मांग की है। भाजपा वार्ड 35 के पदाधिकारियों ने नगर निगम एवं नगर विकास न्यास के अधिकारियों को अलग अलग ज्ञापन भेज कर क्षेत्र में गति अवरोधक, सड़क-नाली एवं नालों का निर्माण करवाने व रोड लाइट लगवाने की मांग की है। पार्षद अंजू जैन ने चार सूत्री ज्ञापन में चिन्हित करीब 15 स्थानों का विवरण भी दिया है जहां विकास कार्य की आवश्यकता है।
फड़ बाजार व्यापार मंडल यूनियन अध्यक्ष महबूब खान कायमखानी ने एस पी को ज्ञापन देकर फड़ बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु करवाने की मांग की है।
जोड़बीड़, भैरू नाथ मंदिर, बालकिया धोरा क्षेत्र में पानी, बिजली, सड़क आदि की सुविधाएं उपलब्ध करवाने एवं नागणेचीजी मंदिर के सामने नाले को बंद करवाने की मांग का पत्र भाजपा के ओम प्रकाश सोनगरा, डॉ जय वर्धन तिवाड़ी, बाबूलाल खत्री आदि ने कलेक्टर को भेजा है।
सूचना प्रोद्योगिक लि उप निदेशक को वार्ड तीन सर्वोदय बस्ती में आधार कार्ड शिविर लगाने की मांग का ज्ञापन मोहल्ला विकास समिति ने भेजा है।
शहर कांग्रेस अल्प संख्यक विभाग के महासचिव अब्दुल रहमान लोदरा सहित पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन देकर विभिन्न वार्ड क्षेत्रों में रोडलाइट, सीवर लाइन, सड़क-नाली निर्माण और सफाई कार्य करवाने की मांग की है। लोदरा ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि एक फरवरी तक समस्या समाधान नहीं होने पर अनशन किया जाएगा।
गुरुनानक नगर कालोनी गली नं एक के निवासियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेज कर क्षेत्र को मेन रोड सागर से जुड़वाने एवं विकास कार्य करवाने की मांग की है।
रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में सफाई एवं सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाने की मांग का पत्र निवासियों एवं भाजपा वार्ड 25 के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को सौंपा है।
गोपालक घोसी समाज सेवा समिति ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर बीकानेर में गोपालक नगर बनाने एवं समाज के लोगों को रियायती दर पर भूमि देने की मांग की है। अध्यक्ष मोहम्मद शकूर ने पत्र में गोपालकों की स्थिति भी बताई है।