पीएमएस रोकेगा पार्सल चोरी
भास्कर न्यूज - बीकानेर
रेलगाडिय़ों से चोरी होते माल पर अंकुश लगाने के लिए पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम शुरू करेगा। इसमें बुक करवाने के बाद गंतव्य तक माल का स्थान ऑनलाइन पता चल सकेगा। इसका सर्वर चंडीगढ़ से जुड़ा होगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में सबसे पहले यह योजना बीकानेर रेलवे स्टेशन पर चालू की जाएगी।
चलती रेलगाडिय़ों से माल चोरी होने की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे पीएमएस लगाने की तैयारी की है। इस योजना में माल के बुकिंग के साथ ही पार्सल नंबर और आईडी को ऑनलाइन कर दिया जाएगा। सिस्टम में अपलोड होने के साथ ही यह नंबर बुकिंग और गंतव्य के बीच के सभी स्टेशनों के बीच पहुंच जाएगा। इसके बाद माल की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी मिल सकेगी। यह जानने वाले को यह भी बता देगा कि किस दिन और कितने बजे यह पार्सल कहां पहुंचेगा। मंडल में सबसे पहले यह सिस्टम बीकानेर रेलवे स्टेशन पर शुरू होगी। इसके लिए बुकिंग विंडो के अपडेट किया जाएगा। वर्तमान समय में इस योजना को शुरू करने के लिए जरूरी इंस्टूमेंट अभी तक नहीं पहुंचे है। विदित रहे कि रेलवे ने इस प्रोजेक्ट को प्रायोगिक तौर पर दिल्ली और कोलकाता में शुरू किया है। यहां से यह प्रोजेक्ट अन्य मंडलों में शुरू किया जाएगा। जानकारों का कहना है कि दिल्ली से बीकानेर आने वाली गाडिय़ों में आए दिन माल चोरी की घटनाएं बढ़ रही है। ऐसे में यह योजना शुरू हो जाने के बाद यात्रियों के माल की सुरक्षा बढ़ेगी। साथ ही रेलवे की लगातार घट रही पर्सन बुकिंग को फिर से बढ़ाने में सहयोग मिलेगा।