कम होने लगी सर्दी
बीकानेर - हाड़ कंपाने वाली सर्दी से अब राहत मिल गई है। दिन और रात का पारा धीरे-धीरे चढऩे लगा है। तेज धूप की वजह से अब कुछ लोगों ने स्वेटर भी पहनने बंद कर दिए। हालांकि अब भी रात में ठिठुरन हो रही है लेकिन सुबह-शाम फिर भी राहत है। मंगलवार को दिन में बादल छाने के बाद भी बुधवार को आसमान पूरी तरह साफ रहा और दोपहर में लोग अधिक देर तक धूप में नहीं बैठ सके। चटक धूप के कारण ही दिन का तापमान अब 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने लगा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बीती रात का न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात का तापमान बढऩे से ठिठुरन भरी सर्दी से निजात मिलने के साथ ही गर्म कपड़ों का बोझ भी शरीर से कम होने लगा है। दिन में हवा की गति भी दो किलोमीटर प्रति घंटा रही। दूसरी ओर प्रदेश विभिन्न हिस्सों में भले ही मावठ हुई हो मगर इस साल बीकानेर में मावठ का सिर्फ लोगों को इंतजार ही रहा। जनवरी माह बीतने को है लेकिन बारिश नहीं होने से सीधा असर फसलों पर भी पडऩे की आशंका है।