एक महीने में आए सिर्फ तीन आवेदन
बीकानेर - निशक्तजन आयोग के हस्तक्षेप के बाद महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय में शैक्षणिक विभाग के विभिन्न पदों के लिए सिर्फ तीन आवेदन पहुंचे हैं। अब आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही साक्षात्कार की गतिविधियां तय होने वाली हैं।
फरवरी के प्रथम या दूसरे सप्ताह में साक्षात्कार कराने की तैयारी है। इस बावत बुधवार को कुलपति सहित तमाम अधिकारियों ने तिथियों का मंथन किया। उल्लेखनीय है कि एमजीएस विवि में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर व असिस्टेंट प्रोफेसरों के विभिन्न पदों के लिए कई महीने पूर्व ही आवेदन मांग लिए गए थे मगर निशक्तजन आयोग की ओर से दो महीने पूर्व विवि को पत्र मिला कि प्रत्येक भर्ती में निशक्तजनों के लिए आरक्षण तय किया गया। इसमें कु छपद भी सुझाए गए हैं।
आयोग के निर्देशानुसार विवि ने 25 जनवरी तक सिर्फ निशक्तजनों से आवेदन मांगे। निर्धारित तिथि तक सिर्फ तीन आवेदन पहुंचे। अब आवेदनों की स्क्रूटनी हो रही है। इन तीन आवेदनों को पूर्व में आए आवेदनों में शामिल किया जाएगा और इनको भी साक्षात्कार में शामिल किया जाएगा। अब फरवरी में साक्षात्कार होगा। साक्षात्कार के लिए कमेटी का निर्धारण कुलपति ने पूर्व में करा लिया गया था।
अब तिथि तय कर सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा। सूत्र बताते हैं कि 15 फरवरी से पहले हर हाल में साक्षात्कार कराए जाएंगे क्योंकि उसके बाद कभी भी लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो जाएगी। विवि को भर्ती की इस कारण और जल्दी है क्योंकि भर्ती होने के बाद ही विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की टीम को निरीक्षण के लिए बुलाना है ताकि विवि का यूजीसी की धारा 12-बी में पंजीकरण हो सके। कुलपति प्रोफेसर चंदकला पाडिया ने बताया कि साक्षात्कार अगले माह पूरे कर लिए जाएंगे और यूजीसी को आमंत्रित कर 12-बी में पंजीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी।
एमजीएस विवि में शैक्षणिक विभाग में होनी है नियुक्तियां