आमसभा में होगा डूडी का सम्मान
भास्कर न्यूज - बीकानेर
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद रामेश्वर डूडी पहली बार बीकानेर तीन फरवरी को आएंगे। डूडी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट व प्रभारी गुरुदास कामथ भी आएंगे।
श्रीकरणी सिंह स्टेडियम में तीन फरवरी को एक आमसभा का भी आयोजन किया गया है जिसमें डूडी का सम्मान भी होगा। सभा में 20 हजार से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य लिया गया है। देहात और शहर कांग्रेस भीड़ को जुटाने में जुट गई है। सभी पार्षद, पंचायत समिति, जिला परिषद सदस्य, कांग्रेस मानसिकता के सरपंचों से लेकर तमाम कांग्रेस पदाधिकारी भीड़ जुटाने में जुट गए हैं। संभावित संख्या को देखते हुए ही स्टेडियम को चुना गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पायलट भी बीकानेर आएंगे। इस कारण संगठन पदाधिकारी भी जी जान झौक रहे हैं। दूसरी ओर पहली बार विधायक और नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद डूडी भी अपनी ताकत का इजहार करना चाहते हैं। लोकसभा चुनाव भी सिर पर हैं। बीकानेर लोकसभा सीट भाजपा के खाते में है। नेता प्रतिपक्ष डूडी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पायलट पर लोकसभा की नैया पार लगाने का भार आ गया है।
इस कारण बीकानेर लोकसभा सीट कांग्रेस के लिए मूंछ का सवाल बन गई। खासकर डूडी के लिए। इस कारण तीन फरवरी को प्रस्तावित सभा को भी लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। भीतरी फूट के कारण भाजपा पहले ही बीकानेर और धौलपुर लोकसभा सीट को पहले से ही कमजोर मान चुकी है और कांग्रेस इस मौके का फायदा उठाते हुए आक्रामक तरीके से चुनाव में जुट रही है। इसके लिए पायलट जिलों में निष्क्रिय पदाधिकारियों को जिम्मेवारी से मुक्त कर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जगह देने की तैयारी कर रहे हैं। जिलाध्यक्षों को इस संबंध में इशारा कर दिया गया है।
जिलाध्यक्षों की ओर से निष्क्रिय पदाधिकारियों के सुझाए गए नामों पर पायलट फैसला करेंगे। लोकसभा टिकट के लिए नामों का प्रस्ताव पायलट और डूडी दिल्ली भेजेंगे और केन्द्रीय चुनाव समिति से इन नामों का फैसला होगा। चूंकि राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए दोनों ही मुख्य पदों पर नए चेहरों को मौका दिया है और लोकसभा चुनाव इन दोनों चेहरों की परीक्षा भी है इस कारण किसी प्रकार की कसर नहीं छोड़ी जा रही है।