पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हर दिन होगी जन सुनवाई०० जन समस्या समाधान के लिए नई व्यवस्थाजन समस्या समाधान के लिए नई व्यवस्था

हर दिन होगी जन सुनवाई०० जन समस्या समाधान के लिए नई व्यवस्थाजन समस्या समाधान के लिए नई व्यवस्था

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज, बीकानेर।

एसडीएम, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारी एक फरवरी से प्रतिदिन जन सुनवाई करेंगे।

समस्या सुनने और उनके निस्तारण के लिए नई व्यवस्था लागू की जाएगी। इस संबंध में जिला कलेक्टर आरती डोगरा ने आदेश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक समस्त संबंधित अधिकारी एक फरवरी से दोपहर दो से तीन बजे तक अपने कार्यालय में आमजन की समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान ये अधिकारी किसी प्रकार की बैठक अथवा दौरा नहीं करेंगे। जन सुनवाई के लिए निर्धारित समय के दौरान यदि सक्षम अधिकारी या उसकी अनुपस्थिति में अन्य अधिकारी नहीं मिलता है तो आमजन एसडीएम ((प्रशासन)) के एम दूडिय़ा ((मोबाइल-9414244363)) अथवा एसडीएम ((शहर)) को सूचित कर सकेंगे। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने तथा उनके आवश्यक निस्तारण के लिए जिला कलेक्टर द्वारा सात फरवरी को रामसर, 14 को गंगाजली, 21 को काकड़वाला और 28 फरवरी को मिठडिय़ा में रात्रि चौपालें लगाई जाएंगी।

यह रहेगा उपखंड स्तरीय चौपालों का कार्यक्रम - छत्तरगढ़ उपखंड क्षेत्र की रात्रि चौपाल 19 फरवरी को लूणखां में, कोलायत की 11 फरवरी को गोड़ू और 26 को मिठडिय़ा में, नोखा की 11 फरवरी को सलूंडिया, 14 को सोमलसर, 18 को उदासर और 25 को मोरखाना में, खाजूवाला की पांच फरवरी को 8 केवाईडी, 12 को बल्लर, 19 को गुल्लूवाली और 26 को 22 केवाईडी में, पूगल की 7 फरवरी को डंडी, 14 को थारूसर, 21 को करणीसर भाटियान और 28 को मकेरी में, लूणकरणसर की तीन फरवरी को धीरेरा, 12 को काकड़वाला, 17 को नाथवाना और 26 को पीपेरा में, श्रीडूंगरगढ़ की सात फरवरी को धीरदेसर चोटियान, 13 को धनेरू, 20 को पूनरासर तथा 26 फरवरी को बापेऊ में तथा बीकानेर उपखंड क्षेत्र की रात्रि चौपाल सात फरवरी को गाढ़वाला, 14 को बरसिंहसर, 21 को कोलासर और 28 फरवरी को पलाना में आयोजित होगी। डोगरा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लागू नई व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक माह के पहले गुरुवार को प्रत्येक उपखंड मुख्यालय तथा दूसरे गुरुवार को जिला मुख्यालय पर भी जनसुनवाई होगी।

०० खिलाडिय़ों के लिए कार्यशाला एक फरवरी से - खिलाडिय़ों को दी जाने वाली सुविधाओं और सहायता राशि संबंधी विभिन्न योजनाओं पर सरकार की 60 दिवसीय कार्ययोजना के तहत एक से सात फरवरी तक राज्य भर में जिला स्तरीय कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद के अनुसार विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि जाग्रत करने और खेलों के विकास के लिए प्रस्तावित इन कार्यशालाओं में अर्जुन पुरस्कार, खेलों के क्षेत्र में पदमश्री, खेलरत्न आदि पुरस्कार हासिल कर चुके और जिले के प्रमुख खेल व्यक्तित्वों को आमंत्रित किया जाएगा।

०० पदमश्री पं जसराज का बीकानेर से है पुराना लगाव - शास्त्रीय संगीत के गायक पंडित जसराज ने अपना 85 वां जन्मदिन अपनी जन्म स्थली गांव पिली मंदोरी में मनाया। आयोजन में बीकानेर के चित्रकार श्रीगोपाल व्यास ने उन्हें अपनी बनाई पेंटिंग भेंट की। पं जसराज ने उन्हें बताया कि बीकानेर से उनका पुराना लगाव है । उन्होंने बीकानेर के ढूंढ महाराज और सितार वादक जसकरण गोस्वामी को भी याद किया। वे तीन बार बीकानेर यात्रा कर चुके है। पं जसराज ने व्यास की पेंटिंग को भी सराहा। इस मोके पर सिरसा के सांसद अशोक तंवर भी मौजूद थे।

०० विद्यार्थी बीकानेर में कर सकेंगे अरबी भाषा में सर्टिफिकेट कोर्स -राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद, नई दिल्ली ने दारुल उलूम गरीब नवाज संस्था सुभाषपुरा बीकानेर में अरबी भाषा में एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स मंजूर किया है। मदरसा के प्रभारी हाजी उस्मान गनी ने बताया कि वर्ष 2014-15 के लिए स्वीकृत इस कोर्स में 55 विद्यार्थी कोर्स कर सकेंगे। कोर्स के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथ 28 फरवरी 2014 तय की गई है। अरबी की कक्षाएं शाम पांच बजे से शाम साढ़े छह बजे तक चलेगी। वर्ष में 200 दिनों की उपस्थिति अनिवार्य है। दाखिला फार्म सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक मदरसे में मिलेगे।

०० वार्षिकोत्सव में झूमे विद्यार्थी - मेलबोर्न सैकेण्डरी स्कूल का वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पुरस्कार वितरण के साथ वेटरनरी कालेज में आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने लोक गीत व नृत्य के साथ रंगारंग प्रस्तुतियां दी। वरिष्ठ रंगकर्मी एस.डी.चौहान के निर्देशन में हास्य व्यंग्य नाटक ’’अंधेर नगरी-चौपट राजा’’ नाटक का मंचन किया गया। इसके अलावा गीत ’’ छोटा बच्चा जान कर मत टकराना रे’’ पर नृत्य की प्रस्तुति को भी सराहा गया। प्रस्तुति में बच्चों की वेशभूषा-भाव भंगिमाएं देखते ही बनती थी। पंजाबी लोकनृत्य भंगड़ा भी दर्शकों के आकर्षण का केन्द्र रहा।

मुख्य अतिथि शिक्षा विभाग के उप निदेशक विजय शंकर आचार्य व विशिष्ट अतिथि सहायक निदेशक रमेश कुमार हर्ष ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में अव्वल रहे विद्यार्थियों तथा श्रेष्ठ शिक्षण करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। शाला की वार्षिक रिपोर्ट आर.एस. सांघी ने प्रस्तुत की। प्रधानाचार्य अनिल भार्गव ने आगंतुकों का स्वागत किया तथा स्कूल की गतिविधियों से अवगत करवाया। दो दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी तथा सामान्य ज्ञान व वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। श्रेष्ठ प्रतिभोगियों को पुरस्कृत किया गया।



०० शहीद दिवस आज - राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि गुरुवार को जिले में शहीद दिवस के रूप में मनाई जाएगी। गांधी पार्क में सुबह साढ़े दस बजे बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि दी जाएगी तथा सुबह ग्यारह बजे तक रामधुनी व गांधीजी के प्रिय भजनों का गान होगा। सुबह ग्यारह बजे दो मिनट का मौन रखकर श्रद्घांजलि दी जाएगी। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उपखंड बीकानेर, नोखा, लूणकरणसर, खाजूवाला, पूगल, छत्तरगढ़ व कोलायत में कार्यक्र्रम होंगे। विभिन्न शिक्षण संस्थाओं व सामाजिक एवं स्वयं सेवी संस्थाओं की ओर से भी गांधीजी की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि व श्रद्घांजलि दी जाएगी। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा ने भी शिक्षण संस्थाओं को कार्यक्रम जारी किया है।

०० पत्र वाचन प्रतियोगिता कल - जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट द्वारा ३१ जनवरी को सुबह ११ बजे उपभोक्ता संरक्षण विषय पर अध्यापकों के लिए पत्र वाचन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्राचार्य ने बताया कि पहले तीन स्थान प्राप्त करने वालों को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

०० गार्गी पुरस्कार वितरण चार को - जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा द्वारा चार फरवरी को सुबह ११ बजे महारानी स्कूल में गार्गी पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी दिन दोपहर तीन बजे लेडी एल्गिन स्कूल में बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन होगा।