किशोरियों के अधिकार बताए
बीकानेर - सबला योजना के तहत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण के अंतिम दिन संभागियों को किशोरियों के अधिकार, स्वास्थ्य सुरक्षा आदि की जानकारी दी गई। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा मरुधर होटल में हुए प्रशिक्षण में कार्यक्रम अधिकारी मेघा रतन ने जीवन कौशल का महत्व एवं उपयोग के बारे में बताया। आंगनबाड़ी केंद्रों पर दिए गए सबला किट के बारे में भी जानकारियां दी गई। बाल विकास परियोजना अधिकारी राम प्रसाद हर्ष, नीरू सांखला ने भी विचार रखे। संभागियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
भूखंड दिलवाने की मांग
बीकानेर - बीकानेर पत्थर व्यवसाय एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को चार सूत्री ज्ञापन भेज कर नगर विकास न्यास द्वारा भूखंड दिलवाने की मांग की है। अध्यक्ष अमरचंद तंवर ने ज्ञापन में समूचे प्रकरण तथा कथित रूप से न्यास द्वारा की गई अनियमितताओं का हवाला देते हुए रोष जाहिर किया है कि न्यास द्वारा भूखंड राशि जमा करवाने के बावजूद आबंटन नहीं किया गया।
पानी के लिए किसानों का प्रदर्शन
बीकानेर - सिंचित क्षेत्र आईजीएनपी में पूरा पानी देकर गेहूं आदि फसलों को बचाने की मांग को लेकर किसानों ने कलेक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया। जन किसान पंचायत के जय नारायण व्यास के नेतृत्व में संभागीय आयुक्त एवं कलेक्टर के मार्फत मुख्यमंत्री को मांगों का ज्ञापन भेजा गया। प्रदर्शन में लखा सिंह, मीठूनाथ, गोपाल, यूनुस जोइया, किशन नाथ, ललित मोहन आदि शामिल हुए।
समान वेतन देने की मांग
बीकानेर - राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ ने जिला कलेक्टर को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन का 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा है। जिलाध्यक्ष देवराज जोशी के नेतृत्व में अखिल भारतीय राज्य सरकारी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रव्यापी आहवान पर सौंपे गए ज्ञापन में रोष जताया कि ठेका एवं संविदा के माध्यम से कार्मिकों का शोषण किया जा रहा है। ज्ञापन देने व प्रदर्शन करने वालों में हरि नारायण जयपाल, रामचंद्र पुरोहित, राजेंद्र कुमार मोदी, श्याम सुंदर पंवार सहित उप शाखा अध्यक्ष एवं पदाधिकारी शामिल थे।
आवेदन की अंतिम तिथि चार फरवरी
बीकानेर - बीकानेर जिला उद्योग संघ ने संबंधित व्यापारियों को चार फरवरी तक खाद्य अनुज्ञा पत्र के लिए आवेदन करने का आहवान किया है। इस संबंध में संघ का प्रतिनिधि मंडल द्वारका प्रसाद पचीसिया के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से मिला। मंडल में विनोद गोयल, कमल कल्ला, बीकानेर दाल मिल एसोसिएशन के सचिव राजकुमार पचीसिया, हरि किशन गहलोत, केदार चंद अग्रवाल जगदीश चौधरी शामिल थे।
कार्यशाला में दी नियमों की जानकारी
बीकानेर - डीआरएम कार्यालय में दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान लिपिकीय वर्ग कार्य में आने वाले नियमों की जानकारी दी गई। मंडल के सभी विभागों के करीब 80 कार्मिकों ने आयोजन का लाभ उठाया। उद्घाटन कैलाश पंवार ने किया। सतीश शर्मा, पवन कुमार जोशी, गंगाराम मीणा, रघुवीर सिंह, रमेश शर्मा आदि ने विषय गत जानकारियां साझा की। सहायक मंडल वित्त प्रबंधक एन के महेश्वरी ने लेखा विभाग संबंधी जानकारी दी। अपर मंडल रेल प्रबंधक जीत सिंह ने ऐसी कार्यशाला का आयोजन समय समय पर करवाना जरूरी बताया।
पुलिस की एफआर कोर्ट ने लौटाई
बीकानेर - मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सी मोड की अदालत ने थाना पुलिस कोटगेट द्वारा धोखाधड़ी के एक मामले में पेश एफआर को अस्वीकार कर आरोपी ईमा राम जाट एवं जोगा राम जाट निवासी सारुंडा नोखा के विरुद्ध प्रसंज्ञान लेते हुए पांच हजार रुपए के जमानती वारंट से तलब करने का आदेश दिया है। प्रकरण के अनुसार परिवादी कंपनी एस के फाइनेंस के अधिकृत अधिकारी नेग पाल सिंह ने जरिए इस्तगासा सात अगस्त को कोटगेट थाना पुलिस को रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट के अनुसार अभियुक्त गण ने एक वाहन बोलेरो कैंपर पर ऋण लिया मगर एक भी किस्त कंपनी को अदा नहीं की व वाहन का भौतिक सत्यापन भी कंपनी को नहीं करवाया।
चेक अनादरण के मामले में एक साल की सजा
बीकानेर - न्यायालय विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश की अदालत ने चेक अनादरण के एक मामले में आरोपी उमेश गांधी को दोषी मानते हुए एक वर्ष के कारावास सहित पांच लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। प्रकरण के अनुसार आरोपी ने परिवादी बजरंग निर्मल से अपनी घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए चार लाख रुपए कुछ समय के लिए उधार लेकर चेक जारी कर दिया जिसे बैंक में प्रस्तुत करने पर आरोपी का खाता बंद होने से बैंक ने अनादरित कर लौटा दिया था।
१२ हजार मूंगफली की खरीद
बीकानेर - कृषि मंडी सरकारी खरीद केन्द्र पर बुधवार को १२ हजार बोरी मूंगफली की खरीद हुई। वहीं १५ हजार बोरी का उठाव करवाया गया। खरीद एजेंसी के सचिव ब्रजमोहन गोयल ने बताया कि २६ से ३० दिसंबर तक टोकन धारियों की मूंगफली ३० व ३१ जनवरी को खरीदी जाएंगी। उन्होंने बताया कि दस जनवरी तक तूली मूंगफली का भुगतान किसानों को किया जा रहा है।
श्रवण प्रकोष्ठ प्रवक्ता
बीकानेर - मरुक्षेत्र चेतना मंच युवा प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी में श्रवण कुमार व्यास को प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
कार्यकारिणी का विस्तार किया
बीकानेर - फार्मासिस्ट जागृति संस्थान की कार्यकारिणी का विस्तार कर मधुसूदन पुरोहित को सह मंत्री , गिरीश अग्रवाल को सचिव बनाया गया है। मदन पंवार सह सचिव सहित करीब 10 पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
स्थापना दिवस चार को
बीकानेर - साधुमार्गी जैन श्रावक संस्थान गंगाशहर भीनासर द्वारा चार फरवरी को संघ का स्थापना दिवस एवं हुकमी चंद जी का आचार्य पद दिवस जवाहर विद्यापीठ में मनाया जाएगा। लूणकरण सुराणा ने बताया कि आयोजन धर्मेश मुनि जी के सान्निध्य में होंगे।
आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग
बीकानेर - राष्ट्रीय सर्व मेघवंश महासभा ने एस पी को ज्ञापन देकर 26 जनवरी को खारा गांव के खेत-ढाणी में हुई मारपीट के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। सुरजा राम ने ज्ञापन में प्रकरण का हवाला भी दिया है।
साध्वी ईला कुमारी का निधन
बीकानेर - साध्वी ईला कुमारी जी का निधन बुधवार दोपहर सवा तीन बजे शांति निकेतन सेवा केंद्र में हो गया। आचार्य महाश्रमण जी की शिष्या साध्वी ईला कुमारी जी 59 वर्ष की थीं, इनकी दीक्षा 40 वर्ष पूर्व आचार्य तुलसी द्वारा हुई थी। वर्तमान में वे श्लघुसिंह निष्कीडित्य तप की आराधना कर रही थीं। मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र डाकलिया ने बताया कि साध्वीश्री की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उनके पार्थिव शरीर को मुखाग्नि संसार पक्षीय भाई सुरेंद्र भूरा ने दी।