स्कूलों में चलेगा सफाई अभियान
भास्कर न्यूज - बीकानेर
माध्यमिक शिक्षा की स्कूलों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पैसा स्कूलों में जमा छात्र निधि से खर्च करने की तैयारी की जा रही है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक विकास भाले ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। राज्य की सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में सफाई अभियान चलाकर पैसा छात्र निधि से खर्च करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि इसके लिए बजट राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान से मिलना था लेकिन अभियान का फिलहाल सरकार से पैसा नहीं मिला है। इसलिए सफाई व्यवस्था की राशि का समायोजन छात्र निधि से किया जाएगा। प्रति स्कूल पांच हजार रुपए खर्च किए जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार शिक्षा निदेशक के इस आदेश से संस्था प्रधानों में खलबली मची हुई है। छात्र स्कूल में तो छात्र निधि की राशि जमा है लेकिन बालिका शिक्षा मुफ्त होने के कारण बालिका स्कूलों में इस मद में बजट ही नहीं है। उप निदेशकों ने शिक्षा निदेशक के आदेश जिला शिक्षा अधिकारियों को तो भेज दिए लेकिन इस समस्या को लेकर कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किए हैं।