ग्रेनेड फटने से युवक की मौत
भास्कर न्यूज - बीकानेर
गजनेर रोड पर कृष्णा विहार कॉलोनी स्थित बाड़े में ग्रेनेड सैल फटने से एक युवक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।
सीओ सदर प्रेमदान चारण ने बताया कि महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में स्क्रेप उठाने का ठेका है। वहां से स्क्रेप गजनेर रोड स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी के एक बाड़े में इकट्ठा किया गया था। वहीं एक मकान भी बन रहा है जहां पांच लोग पीओपी करने आए हुए थे और वहीं रहते थे। गुरुवार को सुबह करीब 9.30 बजे इन लोगों ने बाड़े में चूल्हा जला रखा था।दो लोग उसके पास थे और तीन लोग कमरों में थे।
इस दौरान वहां रखा ग्रेनेड सैल फट गया जिससे यूपी के आजमगढ़ में भंदूली निवासी बृजेश ((18)) पुत्र श्यामकुंवर की मौत हो गई और आजमगढ़ में फुरसना निवासी धीरज भारद्वाज ((25)) पुत्र सतीराम की जांघ में छर्रा लगा जिससे वह घायल हो गया। इत्तला मिलने पर गंगाशहर पुलिस थाने के एसएचओ सुभाष कच्छावा मौके पर पहुंच गए। घायल धीरज को तनवीर मालावत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बृजेश के भाई शैलेश की रिपोर्ट पर गंगाशहर थाने में मर्ग दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में 4.07 करोड़ रुपए का स्क्रेप का ठेका एक अक्टूबर, 13 से 30 सितंबर, 14 तक का है जो 20 सितंबर, 13 को रिन्यू हुआ था।
सावधानी बरतें
महाजन फील्ड फायरिंग रेंज से बिना अनुमति के स्क्रेप लाना गैरकानूनी है। किसी कबाड़ी या अन्य व्यक्ति के पास बारूद के स्क्रेप या कोई बमनुमा वस्तु है तो उसे पुलिस को सौंप देना चाहिए। स्क्रेप से धातु निकालने का लालच जानलेवा हो सकता है। पूर्व में लोग अपनी जान गंवा भी चुके हैं।
पूर्व में भी हो चुके हैं हादसे
बमनुमा वस्तुओं से धातु निकालते समय ब्लास्ट होने पर पूर्व में भी लोगों की जानें गई हैं। गंगाशहर थाना क्षेत्र के कुम्हारों के मोहल्ले में 13 नवंबर, 08 को कबाड़ी की दुकान में बम फटा जिससे दुकानदार सत्यनारायण हरिजन की मौके पर ही मौत हो गई थी। उसका पुत्र अनिल, पड़ोस में वैल्डिंग की दुकान पर काम करने वाला महबूब, वहां से गुजर रहे अनिल कुमार व सलीम रंगरेज भी घायल हो गए थे। नौ जनवरी, 09 को मुख्य डाकघर के पास कबाड़ी के गाड़े के आगे पठानों का मोहल्ला निवासी किसनी देवी लुहार ((55)) बम से धातु निकाल रही थी। बम पर चोट करते ही ब्लास्ट हो गया और पीबीएम अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। इसके अलावा महाजन फील्ड फायरिंग रेंज और वहां से लाए गए स्क्रेप के कारण अन्य स्थानों पर भी हादसे होते रहे हैं।