औचक निरीक्षण में 216 कार्मिक नदारद
भास्कर न्यूज - बीकानेर
सरकारी कार्यालयों में जब अधिकारी और कर्मचारी ही नहीं होंगे तो 60 दिनी कार्ययोजना या प्रतिदिन जनसुनवाई के काम भला कैसे होंगे।
जिले के सरकारी महकमों का सच गुरुवार को उस वक्त उजागर हो गया जब प्रशासनिक अधिकारियों ने वहां छापे मारे। औचक निरीक्षण में विभिन्न सरकारी कार्यालयों के करीब 600 कार्मिकों की हाजिरी ली गई, जिसमें से 216 अधिकारी और कर्मचारी नदारद मिले।
जिला कलेक्टर आरती डोगरा के निर्देश पर एडीएम सिटी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ताज मोहम्मद, जिला रसद अधिकारी नरेंद्र सिंह पुरोहित और उपखंड अधिकारी अनुपमा जोरवाल ने विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर विकास न्यास 83, नगर निगम 43, जिला परिषद 34, तहसीलदार कार्यालय 11, कोष कार्यालय तीन तथा जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के 42 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। स्थिति उस वक्त और भी बदतर नजर आई जब निरीक्षण पर निकले अफसरों के कार्यालयों के ही कर्मचारी गायब मिले। जिस वक्त जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ताज मोहम्मद दूसरे कार्यालयों का निरीक्षण कर रहे थे ठीक उसी समय डीएसओ नरेंद्र सिंह जिला परिषद जा पहुंचे, जहां 34 लोग नदारद मिले।