- Hindi News
- केंद्र सरकार कर रही है किसानों की अनदेखी
केंद्र सरकार कर रही है किसानों की अनदेखी
भास्कर न्यूज - बीकानेर
केंद्र सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। भारत एक कृषि प्रधान देश है। ऐसे में किसानों के उत्थान और उन्नति के लिए सार्थक प्रयास की जरूरत है मगर केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।
भाजपा किसान मोर्चा की ओर से जिला कलेक्टर पर लगाए गए एक दिवसीय धरने को संबोधित करते हुए सांसद अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि किसानों के हितों के लिए स्वामीनाथन कमीशन की 50 प्रतिशत लाभांश के साथ लाभकारी मूल्य की सिफारिश तुरंत प्रभाव से लागू करने की जरूरत है। उन्होंने केंद्र सरकार से मिश्रित खादों के बढ़े हुए दामों को वापस लेने की मांग की। केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों को लेकर गुरुवार को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर शहर और देहात के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट पर लगाए गए धरने की अध्यक्षता मोर्चा के उदयराम भादू ने की। शहर भाजपा अध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी ने मध्यप्रदेश सरकार की तरह एक वर्ष के लिए ब्याज रहित पूंजी उपलब्ध करवाने की मांग की। जिलाध्यक्ष देहात किसान लाल महिया ने कहा कि समर्थन मूल्य पर हो रही मूंगफली खरीद की तिथि मार्च तक बढ़ानी चाहिए। ताकि सभी किसानों की मूंगफली बिक सके। मोर्चा के शहर जिलाध्यक्ष उदयराम भादू ने कहा कि आगामी सात फरवरी तक केंद्र सरकार ने किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
धरने के बाद प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा। धरने को भाजपा के डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, डॉ.मीना आसोपा, विजय लक्ष्मी, सुनीता हटीला, विजय आचार्य, श्याम सिंह हाड़लां, गौरी शंकर अग्रवाल, जे.पी.व्यास, सलीम भाटी, उम्मेद सिंह राजपुरोहित, प्रवक्ता मदन सिंह राजपुरोहित आदि ने संबोधित किया।