सामूहिक अवकाश पर रहे संविदा नर्सेज
दौसा - जिला चिकित्सालय में संविदा पर लगे नर्सेज नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर गुरुवार को सामूहिक अवकाश पर रहे। नर्सेज के अवकाश पर रहने से जिला चिकित्सालय में चिकित्सा सेवा प्रभावित रही। संविदा पर लगे नर्सेज ने मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को ज्ञापन दिया। एनआरएचएम नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेश योगी ने बताया कि वर्ष 2007 में सरकार ने एनआरएचएम के तहत संविदा पर नर्सेज की नियुक्ति की थी। नर्सेज को संविदा पर कार्य करते हुए 5 से 7 वर्ष हो चुके हैं। उन्होंने हाइकोर्ट के 15 प्रतिशत बोनस अंक के फैसले के आधार पर संविदा नर्सेज को स्थायी नियुक्ति देने की मांग की है। इससे पूर्व संविदा नर्सेज ने नेहरू पार्क में बैठक आयोजित की। इस दौरान रिंकू शर्मा, राजकुमार शर्मा, हनुमान शर्मा, विष्णु शर्मा, राजेश शर्मा, अनिता गुर्जर सहित संविदा नर्सेज उपस्थित थे।
सामूहिक अवकाश से प्रभावित रही चिकित्सा सेवा
जिला चिकित्सालय के संविदा नर्सेज के सामूहिक अवकाश पर रहने से चिकित्सा सेवा प्रभावित रही। इमरजेंसी, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई, मेडिकल वार्ड आदि में लगे संविदा नर्सेज अवकाश पर रहे। इससे स्थाई नर्सेज ने काम संभाला। पीएमओ डॉ. महेश शर्मा का कहना है कि संविदा नर्सेज के अवकाश पर रहने से स्थायी नर्सेज को लगाकर व्यवस्था की गई ।