नेशनल हाइवे-११ पर रोडवेज बस पलटी
नांगल राजावतान - नेशनल हाइवे 11 ए पर बाग वाली बगीची के समीप शुक्रवार शाम एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पलट गई, लेकिन किसी यात्री के चोट नहीं आई। सवाईमाधोपुर आगार की बस दौसा की ओर जा रही थी। बगीची के पास घुमाव पर अनियंत्रित होकर सड़क के एक ओर खड़ी खाली पिकअप पर पलट गई।
इस दुर्घटना में किसी यात्री के चोट नहीं आई। बस पिकअप पर नहीं पलटती तो आगे जाकर बिजली के खंभे से टकरा सकती थी। इससे हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर थानाधिकारी मुरारीलाल मीणा जाब्ता लेकर पहुंचे तथा यात्रियों को दूसरे वाहनों से रवाना किया।
सीएलजी की बैठक : नांगल राजावतान थाने में शुक्रवार को सीएलजी की बैठक हुई। इस दौरान सीएलजी सदस्यों ने कुछ जगह शराबियों द्वारा उत्पात मचाने की शिकायत की। इस पर तहसीलदार छुट्टन लाल मीणा व थानाधिकारी मुरारीलाल मीणा ने जगह चिन्हित कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में सरपंच जुगलकिशोर मीणा, रामजीलाल बैजवाड़ी, सीताराम शर्मा मलवास, ओमप्रकाश स्वामी सहित कई लोग थे।