मैत्री मैच में पत्रकार इलेवन विजयी
कार्यालय संवाददाता - दौसा
गणतंत्र दिवस पर रविवार को मैत्री क्रिकेट मैच में पत्रकार इलेवन और कलेक्टर इलेवन के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। राजेश पायलट स्टेडियम में हार्ट बीट बढ़ाने वाले इस मुकाबले में पत्रकार इलेवन ने अंतिम ओवर में 3 रन से जीत दर्ज की। कलेक्टर इलेवन के जबड़े से जीत छीनने वाले आशीष शर्मा को मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया। कलेक्टर इलेवन को अंतिम ओवर में सिर्फ 4 रन की जरूरत थी, जबकि तीन विकेट शेष थे। आशीष शर्मा ने अंतिम ओवर में दो विकेट चटका कर पत्रकार इलेवन की झोली में जीत डाल दी। अंतिम खिलाड़ी रन आउट हुआ।
पत्रकार इलेवन के कप्तान विनोद पाराशर ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया। दो विकेट जल्दी गिरने पर पत्रकार इलेवन की टीम पर दबाव आ गया, लेकिन मध्यक्रम में खेलते हुए भारत तिवाड़ी ने पारी को संभाला। भारत ने सर्वाधिक 19 रन बनाए। वहीं मुकेश शर्मा 18, आशीष शर्मा 14, संतोष तिवाड़ी 13, विनोद पाराशर 12 और रोहित विजय ने 11 रन बनाए। अंतिम विकेट के लिए विनोद पाराशर और रोहित विजय ने 25 रन की उपयोगी साझेदारी की। पत्रकार इलेवन की टीम 19.4 ओवर में 123 रन बनाकर पैवेलियन लौट गई।
कलेक्टर इलेवन की ओर से तहसीलदार विजेंद्र मीणा ने 3 विकेट चटकराए, जबकि प्रदीप सिंह ने 2 तथा एसपी अंशुमन भौमिया, रविंद्र यादव व भगवान सहाय ने 1-1 विकेट लिया। जवाब में 6.2 रन प्रति ओवर की रन रेट से 124 रन का लक्ष्य लेकर उतरी कलेक्टर इलेवन की टीम 120 रन ही बना सकी।
इसमें टॉप स्कोरर पुलिस सुपरिटेंडेंट ((एसपी)) अंशुमन भौमिया ने 1 छक्के व 2 चौके की मदद से 28 रन बनाए। वहीं रविंद्र यादव ने 14 तथा एडीएम भगवान सहाय शर्मा, एसडीएम लोकेश मीणा व पीडब्ल्यूडी एईएन के.सी. मीणा ने 12-12 बनाए बनाए। पत्रकार इलेवन की ओर से संतोष तिवाड़ी व आशीष शर्मा ने 3-3 विकेट चटकराए, जबकि भारत तिवाड़ी 2 व मुकेश शर्मा को 1 सफलता मिली। पहले बैट ((14 रन 1 छक्का, 1 चौका)) और फिर बॉल ((3 विकेट)) से शानदार प्रदर्शन करने वाले आशीष शर्मा को मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया।
बेस्ट कॉमेंट्रेटर का पुरस्कार विधायक शंकर लाल शर्मा को दिया गया। अंपायर विजय शर्मा व विश्राम सिंह राजावत थे, जबकि संदीप खंडेलवाल ने स्कोरिंग की। पिच क्यूरेट हनुमान शर्मा थे।