कोटा हीरोज व उदयपुर के बीच फाइनल आज
कार्यालय संवाददाता - दौसा
दौसा गोल्ड कप फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल में मंगलवार को कोटा हीरोज व उदयपुर के बीच मुकाबला होगा। मान क्लब के तत्वावधान में राज्य स्तरीय फुटबाल टूर्नामेंट में सोमवार को पहले सेमीफाइनल में मारवाड़ क्लब जोधपुर को हराकर बांजी स्पोट्र्स क्लब उदयपुर ने फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में कोटा हीरोज ने एजी राजस्थान को हराया।
पहले सेमीफाइनल में उदयपुर व जोधपुर के खिलाडिय़ों ने तेजतर्रार खेल का प्रदर्शन किया। एक-दूजे पर हमले बोले, लेकिन पहले हॉफ में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकीं। दूसरा हॉफ शुरू होते हुए जोधपुर को गोल करने का अच्छा मौका मिला, लेकिन दिनेश सिंघल का गोली की तरह जाता शॉट गोलपोस्ट से टकराकर बेकार चला गया। निर्धारित समय में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। अतिरिक्त समय में भी कोई गोल नहीं हुआ। मैच का फैसला पैनल्ट्री शूट आउट से हुआ, जहां बांजी स्पोट्र्स क्लब उदयपुर ने 4-2 से मारवाड़ क्लब जोधपुर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल भी रोमांच हुआ। इसमें दोनों ही टीमों ने शानदार गेम दिखाया, लेकिन पहले हॉफ में किसी को गोल करने में सफलता नहीं मिली। दूसरे हॉफ में कोटा हीरोज के खिलाड़ी ने गति बढ़ाई और हरीश ने काफी दूर से एक किक लगाई, जिसे गोलकीपर रोक नहीं सका। बढ़त बनाने के बाद कोटा हीरोज के खिलाडिय़ों का जोश बढ़ गया।
दूसरा गोल ज्ञानू ने किया। बॉल को लेकर आगे बढ़ते हुए ज्ञानू ने गोलकीपर को छकाते हुए बॉल गोलपोस्ट में डाल दी। हालांकि एजी राजस्थान के खिलाडिय़ों ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन उनका दिन नहीं था। दर्शकों की चहेती एजी राजस्थान भले ही मैच नहीं जीत सकी, लेकिन दिल जीत लिया। सेमीफाइनल मुकाबलों में अक्षर कॉलोनाइजर के डायरेक्टर सुशील शर्मा, अमित गैस सर्विसेज के डायरेक्टर कपिल राजोरिया, महेंद्र गणेशपुरा, रोहित डंगायच, रामबाबू प्रधान, सियाराम सलावन, बृजभूषण कोठीवाला, अखिलेश शर्मा, बलराम शर्मा रहे।