पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • थोक व्यापारी की दुकान का शटर तोड़ा

थोक व्यापारी की दुकान का शटर तोड़ा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कार्यालय संवाददाता - दौसा
शहर में चोर गिरोह सक्रिय है। मंगलवार सुबह व्यापारिक क्षेत्र सुंदरदास मार्ग में एक थोक व्यापारी की दुकान का शटर तोड़कर चोरी का प्रयास किया। चोरों ने शटर को मोड़ दिया, लेकिन चोरी की वारदात में कामयाब नहीं हो पाए। करीब 50 मीटर दूर मानगंज में पुलिस गश्त प्वाइंट होने के बावजूद पुलिस को भनक तक नहीं लगी। शनिवार रात भी चोर नया कटला में एक दुकान का शटर तोड़कर नकदी ले गए थे।
चोरी का प्रयास सुंदरदास मार्ग में घी, तेल के थोक विक्रेता चौधरी एंटरप्राइजेज में किया गया। चोरों ने दुकान के शटर को मोड़कर ऊंचा कर दिया, लेकिन अंदर घुसने में कामयाब नहीं हो पाए।
सुबह करीब सवा 7 बजे पड़ोसी दुकानदारों ने शटर ऊंचा देख मालिक को फोन किया। व्यापारी गोपीशंकर चौधरी दुकान पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया। इस दौरान व्यापारी एकत्र हो गए तथा वारदात पर रोष जताया। शनिवार को नया कटला में प्रिंस इलेक्ट्रॉनिक्स का भी शटर मोड़कर चोर अंदर घुस गए थे तथा गल्ले में से करीब 13 हजार रुपए ले गए थे। चौधरी एंटरप्राइजेज में भी इसी तरह वारदात करने का प्रयास किया। शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों से लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष है।
तीन बदमाशों ने किया प्रयास
चौधरी एंटर प्राइजेज में अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। चोरी के प्रयास की वारदात कैमरे में कैद हो गई। सुबह 5:20 बजे तीन युवक आए तथा पास वाले मकान की गैलरी के दरवाजे की बाहर से कुंदी लगा दी ताकि कोई बाहर नहीं आ सके। चोरों ने ताला तोडऩे का प्रयास किया। ताला नहीं खुलने पर तीनों ने मिलकर शटर को मोड़ दिया। इस बीच एक युवक बार-बार रास्ते में घूमकर निगरानी करता रहा। शटर को करीब 10 इंच ऊंचा कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि सुबह होने तथा किसी के आने पर चोर वारदात को अंजाम नहीं दे पाए।
पहले की थी रैकी
गोपी शंकर चौधरी ने बताया कि सोमवार दोपहर एक युवक आया था। उसने चौकीदार की जगह होने के बारे में पूछा। चौधरी ने चौकीदार नहीं रखने की बात कही। इसके बाद वह चला गया। सीसीटीवी में फुटेज में दिखा युवक का हुलिया उसके जैसा है।