प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन
दौसा ग्रामीण - ग्राम भेडोली के समीप आबादी क्षेत्र व राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल के सामने लगी क्रेशर मशीनों से फैल रहे प्रदूषण के विरोध में ग्रामीणों ने आईटी केंद्र के सामने रास्ता रोककर विरोध प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही सरपंच माना देवी गुर्जर पंचायत कोरम के साथ मौके पर पहुंचीं तथा विरोध कर रहे लोगो को समझाइश कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देकर रास्ते से हटाया। बाद मे लोगों ने सरपंच को ज्ञापन सौंपकर आबादी क्षेत्र में चल रहे क्रेशरों की एनओसी रद्द कर बंद कराने की मांग
की। रूपनारायण रैगर, शिवनारायण, जमनालाल, राजाराम गुर्जर, पदम सिंह ने बताया कि क्रेशरों से उडऩे वाली धूल व रेत के कण जमने से खेत बंजर हो रहे हैं। धूल से दमा व चर्म रोग हो रहे हैं। मशीनों की आवाज से घरों मे रहना मुश्किल है। धापा देवी, कमला देवी, मंजू देवी, संतरा देवी, किशनलाल हरिजन ने बताया कि आंखों से दिखता कम है और कम सुनाई देने लगा है। छात्र मुकेश सतीश, कमलेश, राहुल, शुभम ने बताया कि हवा के साथ क्रेशरों से धूल स्कूल तक आती है। सरपंच मानादेवी गुर्जर का कहना है कि क्रेशरों के संचालकों के खिलाफ प्रस्ताव लेकर कार्यवाही के लिए खनिज विभाग को भिजवाए जा चुके हैं।