कोहरे से जनजीवन पर असर
कार्यालय संवाददाता. दौसा
कई दिन बाद गुरुवार सुबह फिर कोहरा पड़ा। कोहरा दोपहर 12 बजे बाद तक छाया रहा। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ। विजिबिलिटी कम होने के चलते कई ट्रेन देर से पहुंची। सड़क यातायात भी कोहरे से प्रभावित हुआ।
बुधवार रात लोग सोए तब मौसम साफ था, लेकिन सुबह उठे तो देखा कि कोहरे की चादर छाई हुई है। कोहरा काफी सघन था, जिसके चलते दिखाई नहीं दिया। सूरज की रोशन फैलने के साथ-साथ कोहरे का असर कम होता गया, लेकिन पूरी तरह कोहरा दोपहर 12 बजे बाद ही साफ हुआ। कोहरे के कारण सुबह-सुबह लोगों की आवाजाही कम रही। अधिकांश लोग घरों में दुबके रहे। दूसरी ओर कोहरे की मार रेल व सड़क यातायात पर भी पड़ी। कोहरे के कारण जम्मू तवी-अजमेर पूजा सुपरफास्ट, काठगोदाम-भगत की कोठी रानीखेत एक्सप्रेस इलाहाबाद-जयपुर सुपरफास्ट, वाराणसी-जोधपुर मरुधर एक्सप्रेस आदि ट्रेनें देरी से चलीं। वहीं सामने साफ दिखाई नहीं देने के चलते सड़क पर वाहनों की गति धीमी रही। जयपुर-आगरा हाईवे से गुजरते वाहनों की दोपहर तक हैड लाइट जली देखी गई।
पेड़ों से बूंदें टपकती रहीं ((सैंथल)) : कोहरा के चलते पेड़ों से दोपहर तक बूंदे टपकती रहीं। वाहन चालकों को साफ दिखाई नहीं दिया। सड़क पर वाहनों की गति धीमी रही। ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव तापते देखा गया।