- Hindi News
- लोकसभा चुनाव: भाजपा हर घर से मांगेगी ‘एक वोट, एक नोट’
लोकसभा चुनाव: भाजपा हर घर से मांगेगी ‘एक वोट, एक नोट’
श्रीगंगानगर. भाजपा व कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दोनों पार्टियां अगले दिनों में बैठकें कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा करेंगी। भाजपा आम लोगों को पार्टी के साथ जोडऩे के लिए घर-घर जाकर लोगों से ‘एक वोट-एक नोट’ देने का अभियान चलाएगी। 31 जनवरी से पहले भाजपा के सभी मंडल स्तर पर बैठकें कर तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। भाजपा के श्रीगंगानगर लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी विधायक सुरेंद्रपालसिंह टीटी ने श्रीगंगानगर के जिलाध्यक्ष महेंद्रसिंह सोढ़ी व हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष काशीराम गोदारा के साथ विचार-विमर्श कर लोकसभा क्षेत्र की 8 विधानसभा क्षेत्रों में सभी मंडलों के प्रभारी मनोनीत कर दिए हैं। मीडिया प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एडवोकेट प्रदीप धेरड़ ने बताया कि बैठकों में ‘घर-घर जाओ’ की तैयारियां की जाएंगी, जो 11 से 18 फरवरी तक चलेगा। इसमें ही एक वोट और नोट मांगा जाएगा।
कांग्रेस के जिला प्रभारी लेंगे फीडबैक
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता जेएम कामरा के अनुसार 25 जनवरी को रही बैठक में जिला प्रभारी व पीसीसी के सचिव अजीत सिंह शेखावत लोकसभा चुनाव का फीडबैक लेंगे। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा होगी। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर बैठकें की जाएंगी। कांग्रेस ऑनलाइन फीडबैक भी ले रही है।