- Hindi News
- अधिकारी कर्मचारियों ने लिया बेटी बचाने का संकल्प
अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया बेटी बचाने का संकल्प
नगर संवाददाता - श्रीगंगानगर
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कन्या भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध को रोकने के लिए सीएमएचओ के कार्यालय में सभी अधिकारी व कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से बेटी बचाने का संकल्प लिया। साथ ही जीवन काल में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से इस पाप में भागीदार न बनने की शपथ ग्रहण की। शपथ दिलाते हुए जिला कार्यक्रम प्रबंधक खुशबू बोथरा ने सबके साथ नारा भी लगाया।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वेदप्रकाश असीजा ने संबोधित करते हुए समाज की बेटे को लेकर दकियानूसी चाह के साथ ही सक्षम तकनीक को भी जिम्मेदार बताया। कन्या रक्षा को समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी बताने के साथ ही 2001 से 2011 तक लगातार हुई लड़कियों की संख्या में कमी बताई। हालांकि समन्वित प्रयास से श्रीगंगानगर में प्रति हजार पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या 849 से बढकर 854 होने पर खुशी भी जाहिर की। इस अवसर पर डॉ गोपाल शर्मा, प्रदीप राजपूत खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रिछपाल सिंह, कमल गुप्ता, रायसिंह सहारण, मालकोश आचार्य सहित समस्त अधिकारी तथा कर्मचारियों ने पूरे जोश के साथ कन्या भ्रूण हत्या रोकने की शपथ ली।
खत्म हो लड़का-लड़की में भेदभाव
इस अवसर पर श्रीगंगानगर विधायक कामिनी जिंदल ने समाज में व्याप्त लड़कियों के बारे में भ्रांतियां दूर करने तथा कन्या भ्रूण हत्या को रोकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा समाज के लोगों को लिंग समानता के बारे में जागरूकता करने की प्रतिज्ञा लेनी चाहिए। बालिकाओं की सेहत, पोषण व पढ़ाई जैसी चीजों पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है, ताकि बड़ी होकर वे शारीरिक, आर्थिक,
मानसिक व भावनात्मक रूप से आत्मनिर्भर व सक्षम बन सकें। बालिकाओं को घरेलू हिंसा, बाल-विवाह व दहेज जैसी बुराईयों के प्रति सचेत किया जाना चाहिए तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक बनाया जाना चाहिए, ताकि वे स्वयं की रक्षा कर सकें तथा आत्मनिर्भर बन सकें।