- Hindi News
- वातावरण में नमी बढ़ी, सरसों में होने लगा सफेद रोली का प्रकोप
वातावरण में नमी बढ़ी, सरसों में होने लगा सफेद रोली का प्रकोप
श्रीगंगानगर - ठंडी हवाओं से वातावरण में बढ़ी नमी से सरसों की फसल पर सफेद रोली रोग का खतरा मंडराने लगा है। जिले के सूरतगढ़ क्षेत्र में यह रोग कई खेतों में प्रारंभिक अवस्था में देखा गया है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार किसानों को सचेत होकर फसल की संभाल करनी चाहिए। वहीं कोहरे से 3.13 लाख हेक्टेयर में खड़ी गेहूं व जौ की फसल को फायदा होगा। जिले में सरसों का रकबा 2.25 लाख हेक्टेयर है। कृषि अनुसंधान अधिकारी मिलिंद सिंह के अनुसार सफेद रोली फफंूदनाशी है। इसके बीजाणु जमीन में होते हैं। जब नमी 80 से 100 प्रतिशत तक होती है, तब बीजाणु सक्रिय हो जाते हैं। इससे सफेद रोली का प्रकोप फैलता है। प्रारंभिक अवस्था में पत्तियों की नीचे की सतह पर उभरे हुए सफेद धब्बे बन जाते हैं। एक सप्ताह से 10 दिनों के अंदर ही संक्रमण पौधे के ऊपरी भाग तक पहुंच जाता है। इससे फलियों को भी नुकसान पहुंचता है।