- Hindi News
- ज्यादातर युवा नहीं जानते संविधान किसने लिखा
ज्यादातर युवा नहीं जानते संविधान किसने लिखा
नगर संवाददाता - श्रीगंगानगर
हम भले ही गर्व के साथ स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस मनाते हैं। युवाओं को देश का भावी कर्णधार बताते हैं। पर सच्चाई यह है कि गणतंत्र दिवस क्यों मनाते हैं और भारत का संविधान किसने लिखा? आजादी और लोकतंत्र से जुड़े इन आसान सवालों के उत्तर अधिकांश युवाओं के पास नहीं है। ‘भास्कर’ ने शहर के कुछ कॉलेजों के 20 युवाओं से बात की। ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुशन तक कर रहे 10 युवाओं ने तो इतिहास न पढऩे का का हवाला दे दिया, जबकि 6 अन्य ने गलत जवाब दिए। एक युवक ने गणतंत्र दिवस मनाने का कारण बताया कि इस दिन हमारा देश आजाद हुआ था। वहीं एक युवक ने संविधान निर्माता महात्मा गांधी को बताया तो दूसरे ने जवाहरलाल नेहरू को। डॉ.बीआर अंबेडकर के बारे में एक युवा का जवाब था कि इन्होंने इन्होंने राष्ट्रगान लिखा था। भारत के गौरवशाली अतीत और आजाद देश के अस्तित्व के रखवाले और भावी कर्णधारों के यह जवाब निश्चित ही निराशाजनक रहे। अब बड़ा सवाल है कि हम राष्ट्रीय पर्वों की औपचारिकता कर रहे हैं या फिर हमारा शिक्षा के गिरावट की ओर जा रहा है, या फिर राष्ट्रप्रेम की बातें भाषणों तक सिमट रही हैं।