- Hindi News
- किसानों ने एसई का किया घेराव कार्रवाई के आश्वासन पर माने
किसानों ने एसई का किया घेराव कार्रवाई के आश्वासन पर माने
श्रीगंगानगर. पानी चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न होने से आक्रोशित आरबी वितरिका के किसानों ने मंगलवार दोपहर में लंच के लिए जा रहे गंगनहर के एसई केएल जाखड़ का बोलेरो में ही घेराव कर लिया। बाद में कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर घेराव समाप्त कर दिया। किसानों ने एसई कार्यालय के पास व्हीकल स्टैंड के पास बोलेरो के आगे बैठकर एसई के वाहन को रोक लिया था। किसानों का आरोप था कि 12 दिन पहले उन्होंने चोरी पकड़ी। विभाग के अधिकारी अभी तक कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। घेराव करने वालों में शामिल भारतीय किसान संघ के रायसिंहनगर तहसील के उपाध्यक्ष लीलाधर सिहाग, सुरेंद्र ठोलिया, डब्ल्यूयूए के अध्यक्ष बंतासिंह, मिठूसिंह बराड़, हरीराम वर्मा, रणजीतसिंह, नेमचंद, पूर्णराम, राजाराम आदि ने बताया कि 15 जनवरी को किसान आरबी वितरिका की सफाई कर रहे थे। तब उन्होंने 78 आरबी प्रथम के मोघे के पास नहर में लाइनिंग से एक ईंट निकली देखी। इस सुराख को मोघे की तरफ मोड़ा गया था। 16 जनवरी को जब वितरिका में पानी छोड़ा गया तो उन्हें पता चला कि इससे पानी चोरी किया जा रहा था। आरोप है कि इससे 78 आरबी प्रथम के किसान 4 इंच अतिरिक्त पानी ले रहे थे। पहले किसान एसई जाखड़ से मिले। तब एसई ने एक्सईएन ((दक्षिण)) आरएस भाखर से मिलने के लिए कहा तो किसान एक्सईएन भाखर से मिलने के लिए चले गए। जब एक्सईएन नहीं मिले तो किसान दोपहर 1:30 बजे दोबारा एसई कार्यालय की तरफ आए। तब जाखड़ बोलेरो में सवार होकर जा रहे थे। किसानों ने उनकी गाड़ी के आगे बैठकर धरना
शुरू कर दिया।
पानी चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की कर रहे थे मांग