पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से खंभा टूटा, 350 घरों की बिजली गुल

ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से खंभा टूटा, 350 घरों की बिजली गुल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
श्रीगंगानगर. अग्रसेननगर क्षेत्रमें मंगलवार को सरसों लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे खंभा तो टूटा ही, साथ में लगा ट्रांसफार्मर भी बिजली के तार को तोड़ता हुआ सड़क पर गिर गया। ट्रांसफार्मर गिरने से क्षेत्र के 350 घरों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। अग्रसेननगर 2 स्थित एक गल्र्स हॉस्टल के सामने की सड़क बेहद संकरी और ऊबड़-खाबड़ है। इसके चलते छोटे चौपहिया वाहनों को आवागमन में परेशानी होती है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सरसों के बोरों से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली यहां से गुजरी तो अचानक अनियंत्रित होने से वह बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर लगने से दो खंभों में से एक टूट गया और उस पर रखा ट्रांसफार्मर तेज आवाज के साथ जमीन पर आ गिरा। बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर से जुड़े तार टूटकर सड़क पर बिखर गए और उनमें स्पार्किंग होने लगी। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भीड़ जमा होते देख ड्राइवर ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। ट्रांसफार्मर गिरने और तार टूटने के कारण अग्रसेननगर द्वितीय, जिंदल कॉलोनी सहित आसपास के लगभग 350 घरों की बिजली गुल हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची चहल चौक सब स्टेशन की टीम ने विद्युत आपूर्ति बंद करते हुए मरम्मत कार्य शुरू किया। लगभग 6 घंटे बाद 200 घरों की आपूर्ति शुरू कर दी गई थी।
हर्जाना नहीं देने पर मुकदमा
चहल चौक सब स्टेशन के जेईएन पुनीत ने बताया कि कुंजविहार निवासी श्यामलाल अग्रवाल ने खुद को ट्रैक्टर-ट्रॉली का मालिक बताते हुए हर्जाना अदा करने की बात कही है। हुए नुकसान की भरपाई न करने की स्थिति में उसके खिलाफ मुकदमा कराया जाएगा।
अस्थायी कनेक्शन देकर आपूर्ति बहाल की
करीब 200 घरों को बिजली के लिए अस्थाई कनेक्शन दिया गया है। ट्रांसफार्मर की मरम्मत देर रात तक जारी थी। जेईएन ने बताया कि बुधवार सुबह तक ही शेष 150 घरों की बिजली आ पाएगी।



श्रीगंगानगर. अग्रसेननगर में ट्रैक्टर टा्रली की टक्कर से क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर।