- Hindi News
- सफाई में गड़बड़ी रोकने के लिए बनी अब चेक पोस्टें
सफाई में गड़बड़ी रोकने के लिए बनी अब चेक पोस्टें
नगर संवाददाता, श्रीगंगानगर।
सफाई अभियान के बीच शहर में गंदगी के लिए लोगों की नाराजगी झेल रहे जिला प्रशासन ने अब संयुक्त चेक पोस्टें बनाने का निर्णय लिया है। ये चेक पोस्ट शहर में दो जगह तैनात होंगी और इनका काम यह जांचना होगा कि शहर में कितना कचरा उठाया गया और उसमें से कितना शहर में बने कचरा पॉइंट तक पहुंचाया गया। यह जानकारी कलेक्टर धर्मेंद्र भटनागर ने मंगलवार सुबह पत्रकारों को दी।
कलेक्ट्रेट हॉल में पुलिस, निकाय व चुनाव अधिकारियों के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में कलेक्टर धर्मेंद्र भटनागर ने कहा कि कुछ इलाकों से यह शिकायतें मिल रही थी कि शहर में इकट्ठा होने वाला कचरा दोनों कचरा पॉइंट तक भेजे जाने के बजाय यहीं शहर में ही पड़ा रहता है, जबकि संबंधित ठेकेदार को भुगतान पूरा किया जाता है। इसी से निपटने के लिए कोटा की तर्ज पर राजस्व विभाग व यूआईटी कर्मियों की संयुक्त चेक पोस्टें बनाने का निर्णय हुआ है। इसके लिए आठ टीमें बनी हैं। ये चेक पोस्टें शहर के दोनों कचरा पॉइंट पुरानी आबादी कब्रिस्तान व इंदिरा कालोनी चौक के पास तैनात होंगी। यहां कर्मचारी कचरा लेकर आने वाली हर गाड़ी का नंबर, उसमें रखे कचरे की अनुमानित मात्रा, वाहन चालक, हेल्पर सहित तमाम जानकारी नोट करेंगे। एक व्यवस्था यह भी की गई है कि बीट कांस्टेबल प्रणाली की तरह तमाम बीएलओ को उनके बूथ व निवास स्थान क्षेत्र का प्रभारी लगाया गया है। ये बीएलओ हर रोज वहां निरीक्षण करके सफाई व्यवस्था की रिपोर्ट कंट्रोल रूम पर देंगे। ज्यादा भीड़ वाले इलाकों में दिन में एक बार के बजाय कई बार कचरा उठवाया जाएगा और वहां स्थायी सफाई दूत नियुक्त होंगे। अभी तक इस अभियान में 150 निजी-सरकारी स्कूल, 60 बैंक, 60 अस्पताल व कई स्वयंसेवी संस्थाएं जुड़ चुकी हैं। अभियान की अवधि खत्म होने के बाद भी सफाई अभियान को जारी रखा जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि सीवरेज की जांच कमेटी ने काम की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने तक सीवरेज में नई खुदाई व अब तक हुए काम के भुगतान पर रोक जारी रहेगी।