- Hindi News
- आज से हनुमानगढ़ ट्रैक पर फिर से दौड़ेगी ट्रेन
आज से हनुमानगढ़ ट्रैक पर फिर से दौड़ेगी ट्रेन
नगर संवाददाता - श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ ब्रॉडगेज ट्रैक पर ट्रेन एक साल 11 महीने के बाद बुधवार को फिर से दौडऩी शुरू होगी। 67 किमी लंबे इस ट्रैक पर जयपुर-कोटा एक्सप्रेस ट्रेन को सांसद भरतराम मेघवाल व डीआरएम मंजू गुप्ता शाम साढ़े चार बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
गौरतलब है कि मीटरगेज के इस ट्रैक को ब्रॉडगेज बनाने से पूर्व 28 फरवरी 12 में श्रीगंगानगर-सादुलपुर पैसेंजर ट्रेन को श्रीगंगानगर से रात 8.05 बजे आखिरी बार रवाना किया गया था। अब ट्रेन के शुरू होने से सादुलशहर व हनुमानगढ़ जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा क्योंकि इस ट्रेन में दो ही स्टॉपेज तय हुए हैं। ट्रेन में सफर करने पर सादुलशहर तक 30 व हनुमानगढ़ तक 35 रुपए किराया यात्रियों को देना होगा। नए ट्रैक पर ट्रेन शुरू होने की घोषणा रेलवे अधिकारियों ने 24 जनवरी को थी जबकि रिजर्वेशन 27 जनवरी को शुरू हुआ। गौरतलब है कि 31 मार्च तक रोज चलने वाली इस ट्रेन के 62 फेरों की स्वीकृति मिली है। ट्रेन में सेकंड एसी का एक, थर्ड एसी के दो, स्लीपर के आठ, जनरल के छह व दो एसएलआर कोच हैं। गौरतलब है कि यह ट्रेन सुबह आठ बजे हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से खाली रवाना होकर श्रीगंगानगर पहुंचेगी।
श्रीगंगानगर से चलेगी रोजाना शाम साढ़े चार बजे
जयपुर-कोटा एक्सप्रेस श्रीगंगानगर से शाम 4.30 बजे चलकर 5.21 बजे सादुलशहर तथा 6.18 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेगी। यहां से जयपुर व कोटा के लिए 6.35 बजे रवाना होगी। हनुमानगढ़ तक का सफर ट्रेन पौने दो घंटे में पूरा करेगी। सुरक्षा के दृष्टिगत रेलवे प्रशासन ने ट्रेन के लिए 50 किमी प्रति घंटा की स्पीड तय की है। आरयूबी कार्य पूरे होने के बाद ट्रेन की स्पीड बढ़ाई जाएगी।
श्रीगंगानगर. रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से दो पर जाने के लिए बनाया जा रहा फुट ओवरब्रिज।
श्रीगंगानगर से जयपुर-कोटा ट्रेन का शेड्यूल टाइमिंग
स्टेशन रवाना होने का समय
श्रीगंगानगर 4.30 ((शाम))
हनुमानगढ़ 6.35
सूरतगढ़ 7.30
बीकानेर 11.00 ((रात))
जयपुर जंक्शन 5.45 ((सुबह))
सवाईमाधोपुर 7.55
कोटा जंक्शन 9.45 ((सुबह))
ट्रेन की किराया सूची
श्रेणी जयपुर कोटा
स्लीपर 345 415
सेकंड एसी 1270 1540
थर्ड एसी 900 1080
((श्रीगंगानगर से अनुमानित किराया रुपए में, स्त्रोत रेलवे))