- Hindi News
- लंबे अरसे बाद श्रीगंगानगर हनुमानगढ़ जिले के रेल यात्रियों को मिली खुशी
लंबे अरसे बाद श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिले के रेल यात्रियों को मिली खुशी
नगर संवाददाता - श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिले के रेल यात्रियों के लिए बुधवार शाम को वह क्षण ऐतिहासिक बन गया जब श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ ब्रॉडगेज ट्रैक पर पहली बार श्रीगंगानगर से कोटा के लिए हनुमानगढ़-कोटा एक्सप्रेस ट्रेन रवाना हुई। ट्रैक पर प्लेटफार्म नंबर एक से शाम 4.30 बजे ट्रेन शुरू होने के साथ ही दोनों जिलों के लोगों को वह खुशी मिली जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
ट्रेन को सांसद भरतराम मेघवाल, बीकानेर मंडल की डीआरएम मंजू गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन को कोटा तक के यात्री मिले। पहले दिन 308 यात्री रवाना हुए, जिससे रेलवे को करीब 16 हजार रुपए का राजस्व मिला। ट्रेन की कामयाबी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसमें सादुलशहर, हनुमानगढ़,
सूरतगढ़ के अलावा बीकानेर, नोखा, जयपुर व इस ट्रेन के अंतिम स्टेशन कोटा तक के यात्री सवार थे। सूत्रों के अनुसार ट्रेन के जनरल कोच में सादुलशहर के 157, हनुमानगढ़ के 92, सूरतगढ़ के आठ, बीकानेर के आठ, नोखा के सात, जयपुर के 16 व कोटा के दो यात्री सवार हुए। वहीं थर्ड एसी में एक व सेकंड एसी में तीन यात्री सवार थे। इस मौके पर रेल यात्री सुविधा समिति के अध्यक्ष जगदीश जांगिड़, नगरपरिषद सभापति जगदीश जांदू, यूआईटी के पूर्व चेयरमैन राजकुमार गौड़, ज्योति कांडा, जैडआरयूसीसी के सदस्य भीम शर्मा, गुरप्रसाद बहल, बंशीधर जिंदल, सीनियर डीसीएम रजनीश शर्मा, सीनियर डिवीजनल इंजीनियर विशाल गुप्ता, स्टेशन अधीक्षक हरीराम मीना, सीएमआई अशोक गुप्ता आदि मौजूद थे।