- Hindi News
- सरकार की पांच प्राथमिकताओं में एक भी मुद्दा किसान हित में नहीं
सरकार की पांच प्राथमिकताओं में एक भी मुद्दा किसान हित में नहीं
रायसिंहनगर. राज्य सरकार की पांच प्राथमिकताओं में एक भी मुद्दा किसानों के हित में नहीं है। अंतिम छोर के किसानों को पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने का मामला उपेक्षित कर दिया गया, जबकि सीमा क्षेत्र के लोग पानी की कमी का सामना कर रहे हैं। यह कहना है विधायक सोनादेवी बावरी का। उन्होंने मंगलवार को विधानसभा में अभिभाषण पर हुई चर्चा में भाग लेते हुए राज्य सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने आरोप लगाया कि रायसिंहनगर की प्रशासनिक व पुलिस राज्य सरकार के इशारों पर काम कर रही है। सरदारपुरा बीका के पास दस साल की बच्ची की हत्या कर दिनदहाड़े शव नहर के किनारे डाल दिया गया, जबकि नामजद रिपोर्ट होने के बावजूद पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर को नहीं खोल पा रही है। उनका कहना था कि घटना को एक पखवाड़े से भी ज्यादा का समय हो गया है।
जांच करो कि बजट मिला या नहीं
विधायक ने विधानसभा में नहरों की सिल्ट क्लीयरेंस का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ के मुख्य अभियंता ने इस मद में राशि मिलने से इंकार किया है। जलसंसाधन विभाग को सिल्ट क्लीयरेंस में बजट मिलता है या नहीं, इसकी जांच कराई जाए। अगर मिलता है तो गुमराह करने वाले अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। विधायक ने एतराज जताया कि श्रीगंगानगर में ग्वार गम का कारखाना खोलने के वादे के बावजूद इसे राज्यपाल के अभिभाषण में शामिल नहीं किया गया। फसलों के समर्थन मूल्य को भी राज्य सरकार भूल गई।
सूरतगढ़ शाखा का पानी पूरा करो
विधायक सोनादेवी ने सूरतगढ़ शाखा में पानी की कमी को पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सूरतगढ़ शाखा को 275 क्यूसेक पानी कम दिया जा रहा है। इससे किसानों की खेती खराब हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल इस समस्या का निस्तारण कर किसानों को राहत देने की मांग की।