पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • क्या ज्यादा धन के प्रयोग से बढ़ता है राजनीति में भ्रष्टाचार?

क्या ज्यादा धन के प्रयोग से बढ़ता है राजनीति में भ्रष्टाचार?

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लोकसभा चुनाव से ऐन पहले एक फरवरी से निर्वाचन आयोग कराएगा जिलेभर के 600 मतदाताओं के बीच ‘एंड लाइन’ सर्वे
श्रीगंगानगर. क्या आपको चुनाव प्रक्रिया में सुधार की जरूरत महसूस होती है? क्या आपको लगता है कि चुनाव में अत्यधिक धन का प्रयोग राजनीति में भ्रष्टाचार का बड़ा कारण है? क्या आप जानते हैं कि शराब, लोभ या लालच का राजनीति में प्रयोग होता है? कुछ ऐसे ही सवाल लेकर सांख्यिकी विभाग के कर्मचारी एक फरवरी से आपके घर आएंगे। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा निर्वाचन आयोग अब सीधे मतदाताओं से पूछेगा कि उन्हें चुनाव में क्या सुविधाएं और व्यवस्थाएं चाहिए। इसके लिए एक फरवरी से जिलेभर में सर्वे होगा, जिसे ‘एंड लाइन’ सर्वे नाम दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार सर्वे के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में रेंडमली दस मतदान केंद्र चुने जाएंगे। फिर हर मतदान केंद्र में रेंडमली दस मतदाता चुने जाएंगे। इस तरह जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में 60 मतदान केंद्रों पर 600 मतदाताओं के बीच जाकर कर्मचारी सवाल-जवाब करेंगे। सर्वे में मतदाताओं से सामान्य ज्ञान, आचार, व्यवहार, चुनाव व लोकतंत्र के प्रति उनकी धारणाएं, व्यवहारिकता तथा आगामी चुनावों में सहभागिता से जुड़े 65 से ज्यादा सवाल किए जाएंगे। मकसद यह है कि विधानसभा चुनावों की तरह इन आम चुनावों में लोगों की सहभागिता जोड़ी जाए। निर्वाचन आयोग ने सर्वे कराने का जिम्मा सांख्यिकी विभाग को सौंपा है, जबकि सुपरविजन की जिम्मेदारी उपजिला निर्वाचन अधिकारी को दी गई है। मतदाताओं का रुझान आने के बाद यह रिपोर्ट जिला स्तर पर तैयार होगी। फिर जयपुर में प्रदेशभर की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद निर्वाचन आयोग चुनाव में प्रचार व अन्य सुधारात्मक कदम उठाएगा। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव 2013 से पहले राज्य निर्वाचन विभाग ने ऐसा ही सर्वे किया था। इसके बाद प्रचार शुरू हुआ और प्रदेशभर में मतदान बढ़ गया था।
॥श्रीगंगानगर जिले में एक फरवरी से एंड लाइन सर्वे शुरू होगा। इसके लिए सांख्यिकी विभाग को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। जिलेभर में 600 मतदाताओं से यह सवाल किए जाएंगे।
वासुदेव मालावत, उपजिला निर्वाचन अधिकारी, श्रीगंगानगर।
यह होंगे मुख्य सवाल
आपके लिए लोकतंत्र का क्या मतलब है? चुनाव से आप क्या समझते हैं? क्या आपने विधानसभा चुनाव में मतदान किया था? यदि मतदान नहीं किया तो क्या कारण रहा? चुनाव में आपने मतदान क्यों किया, आपका कर्तव्य था, शराब या रुपए का प्रलोभन दिया था अथवा दल विशेष या उम्मीदवार को हराना था? क्या तब चुनाव में सुरक्षा को कोई खतरा था? मतदान प्रक्रिया में मतदान दल का व्यवहार सही था? प्रत्याशी के चयन में आपको किसने सर्वाधिक प्रभावित किया? चुनाव में लोगों की सहभागिता नहीं करने के क्या कारण है? क्या आपको लोकसभा चुनाव 2014 की जानकारी है? क्या आप चुनाव में मतदान करेंगे? ईवीएम का उपयोग आपके लिए कठिन तो नहीं था?