पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रोजगार मेले में पहुंचे हजारों युवा

रोजगार मेले में पहुंचे हजारों युवा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
श्रीगंगानगर - बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार दिलाने तथा भविष्य में अपने मनचाहे क्षेत्र में करियर बनाने व मार्गदर्शित करने के लिए कार्यालय परिसर में विशेष रोजगार सहायता शिविर का आयोजन गुरुवार को किया गया। इस रोजगार शिविर में रोजगार की तलाश में परेशान हजारों की तादाद में युवक-युवतियां गुरुवार को जिला रोजगार कार्यालय में पहुंच गए। शिविर में जिले के बाहर से आए सरकारी तथा गैर सरकारी संस्थानों ने बेरोजगारों को मार्गदर्शन देकर करियर चुनने में सहायता की। इस मौके शहर तथा आसपास के इलाकों से आए लगभग दो हजार से अधिक युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। इससे पूर्व मेले का शुभारंभ जिला रोजगार अधिकारी एमएल तंवर ने मां सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण तथा द्वीप प्रज्वलित करके किया।
मेले में कुल 12 संस्थानों के स्टॉल लगाए गए। बेरोजगार युवक-युवतियों ने अपनी योग्यता व रुचि के अनुरूप लगाए गए स्टॉल में जाकर आवेदन पत्र भरा। मेले के अंत में कंपनियों ने पहले दिन योग्य आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया। इसमें जैन आईटीआई में 125, नेक्सस सिक्योरिटी जयपुर में 80, मैक्स लाइफ इंश्योरेंस श्रीगंगानगर में 88, अग्रिम सिक्योरिटी श्रीकरणपुर में 300, रूचि सोया प्रा. लि. श्रीगंगानगर में 40 लोगों का चयन किया गया। अवर रोजगार अधिकारी दयानंद यादव ने बताया कि वर्ष में दो बार रोजगार कार्यालय के द्वारा इस मेले का आयोजन किया जाता है। यह इस वर्ष का पहला मेला है इस मेले का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार प्रदान करना तथा उचित व्यवसाय चुनने में मार्गदर्शन देना है।
नि:शक्तजनों के लिए अलग स्टॉल : मेले में नि:शक्तजनों के लिए अलग स्टॉल की व्यवस्था की गई थी। स्टॉल में जिला उद्योग केंद्र, राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम और जयपुर के विकलांग पुनर्वास केंद्र के द्वारा 294 विकलांग बेरोजगारों को मार्गदर्शन किया गया।