- Hindi News
- 228 डॉक्टर्स को अल्टीमेटम, जिले में 5 डॉक्टर्स गैर हाजिर
228 डॉक्टर्स को अल्टीमेटम, जिले में 5 डॉक्टर्स गैर हाजिर
नगर संवाददाता - श्रीगंगानगर/जयपुर
राज्य में बिना सूचना दिए गैर हाजिर चल रहे 228 डॉक्टर्स को 31 जनवरी तक ड्यूटी पर आने का अल्टीमेटम दिया गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर वे नौकरी पर नहीं आए तो उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसमें श्रीगंगानगर जिले के 5 डॉक्टर शामिल हैं। विभाग के निदेशक ((जन स्वास्थ्य)) डॉ. बीआर मीणा के अनुसार ड्यूटी पर नहीं आने वाले अनुपस्थित डॉक्टर्स के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएचओ कार्यालय से मिली सूचना के अनुसार पीएचसी अरायण के डॉ. महेश कुमार 12 जून 13, घमूड़वाली के डॉ. रोहण गौड़ 21 मई 13, सीएचसी राजियासर के डॉक्टर लखविंद्र सिंह 30 सितंबर 13, सीएचसी घड़साना डॉ. संदीप वर्मा 13 जनवरी 13 से गैर हाजिर हैं। इन्हें नोटिस जारी कर एपीओ कर दिया गया है। डॉ. राजेश कुमार 6 नवंबर 13 से गैर हाजिर हैं, इन्हें नोटिस जारी कर ड्यूटी पर आने के लिए कहा गया है।
अवैध कनेक्शन हटेंगे
श्रीगंगानगर। नियमित व पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए अवैध कनेक्शन हटाए जाएंगे। जलदाय विभाग के नए एसई राजेंद्र शर्मा का कहना है कि वैध कनेक्शन धारियों को पेयजल पहुंचाना उनका पहला लक्ष्य रहेगा। श्री शर्मा का कहना है कि अभियान चलाकर अवैध कनेक्शनों को वैध करने की कोशिश की जाएगी। अगर कोई वैध नहीं कराएगा तो अवैध कनेक्शन काट दिए जाएंगे।