रजिस्ट्रेशन नंबर में गड़बड़ी का मामला
नगर संवाददाता - श्रीगंगानगर
परिवहन विभाग के रिकॉर्ड में रजिस्ट्रेशन नंबर गलत दर्ज करने का खामियाजा बाइक मालिक पिछले तीन महीने से भुगत रहे हैं, लेकिन अभी तक विभाग से हुई इस गलती का कोई हल नहीं निकला है। इसके चलते जहां दो बाइक मालिक आरसी के लिए विभाग के चक्कर निकाल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चैकिंग के दौरान बाइक के पकड़े जाने का डर भी उन्हें सता रहा है।
सेतिया कॉलोनी निवासी चंद्रशेखर का आरोप है कि 26 नवंबर 13 को उसने शोरूम से बाइक फाइनेंस करवाई। पसंद का नंबर लेने के लिए अलग से रुपए भी खर्च किए। बाद में उसे आरजे 13 एसपी 1002 नंबर अलॉट हुआ। बाइक पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी लगाई, लेकिन आरसी नहीं मिली। आरसी के लिए पूछा तो अधिकारी-बाबू टरकाते रहे। जब उसने नंबर के बारे में डिटेल पता की तो मालूम चला कि यह नंबर सुखजिंद्र बराड़ के नाम पर अलॉट है। उसकी बाइक पर जो नंबर लगा है, वह उसका नहीं है। उसकी बाइक को आरजे 13 एसपी 0098 नंबर अलॉट हुआ है। बाद में बराड़ ने बताया कि उसे भी बाइक की आरसी के लिए लटकाया हुआ है। इस बारे में डीटीओ आरके चौधरी ने कहा कि कंप्यूटर में रिकार्ड दर्ज करते समय गड़बड़ी हुई है। हैड ऑफिस से मार्गदर्शन लेकर दोनों बाइक की आरसी को शीघ्र दुरुस्त करवाया जाएगा।
गलती डीटीओ की, भुगत रहे हैं बाइक मालिक