- Hindi News
- 26 व 30 जनवरी को बंद रखनी होंगी मांस की दुकानें
26 व 30 जनवरी को बंद रखनी होंगी मांस की दुकानें
नगरसंवाददाता - श्रीगंगानगर/हनुमानगढ़
राज्य में गणतंत्र दिवस व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के निर्वाण दिवस पर पशु-पक्षियों का वध रोकने तथा मांस की दुकानें हर हाल में बंद कराने के लिए सख्ती बरती जाएगी। अगर किसी क्षेत्र में दुकान खुली मिली तो संबंधित एरिए के पुलिस बीट अफसर एवं पशुपालन विभाग के कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई होगी। राज्य सरकार ने दोनों दिन मांस की दुकानें बंद रखने के लिए दुकानदारों को चेतावनी दी है। सूत्रों के सरकारी गजट में 26 जनवरी व 30 जनवरी सहित 20 अन्य राष्ट्रीय महत्व के दिवसों में शामिल करते हुए इन दिनों को अवकाश घोषित किया हुआ है। इसके तहत राज्य में किसी भी तरह के पशु-पक्षी का वध एवं मांस बिक्री पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद मांस की दुकानें खुली रहने की शिकायतें आम हैं। इन समस्याओं को गत दिनों पशु प्रेमियों व पर्यावरण संरक्षण का जिम्मा उठाने वाली संस्थाओं ने राज्य सरकार के समक्ष भी उठाया था, जिस पर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अख्तियार करते उक्त दोनों दिवस पर पशु-पक्षी का वध रोकने तथा मांस की बिक्री पर पूर्णतया रोक लगाने के लिए निर्देशित किया है।
कर्मचारी रखेंगे नजर
26 व 30 जनवरी को मांस की दुकानें बंद रखने के आदेश आए हंै। विभाग के कर्मचारियों को मांस बिक्री की दुकानों पर नजर रखने के लिए कहा है। अगर कोई दुकान खुली मिली तो मालिक के खिलाफ पुलिस का सहयोग लेकर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. राजेंद्र सारड़ीवाल, उपनिदेशक, पशुपालन विभाग, श्रीगंगानगर।
जीव दया का दे रहे है संदेश
पशुपालन विभाग हर साल 14 से 31 जनवरी तक पशु कल्याण पखवाड़ा मनाता है। इसके तहत सरकारी स्कूलों तथा अन्य समाजसेवी संगठनों के साथ मिलकर विचार गोष्ठियों का आयोजन जारी है। गोष्ठियों में जीव जंतुओं के प्रति प्रेम व दया भाव जागृत करने का संदेश लोगों को दिया जा रहा है। अगर कहीं भी कोई पशु वध या पशु पर क्रूरता करता हुआ मिलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाती है।