- Hindi News
- बीबीएमबी की बैठक आज, अधिकारियों ने नहीं किया प्रस्ताव का खुलासा
बीबीएमबी की बैठक आज, अधिकारियों ने नहीं किया प्रस्ताव का खुलासा
नगर संवाददाता - हनुमानगढ़
आईजीएनपी में पानी के रेगुलेशन को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति है। मंगलवार को चंडीगढ़ में बीबीएमबी की बैठक होनी है और इसमें राजस्थान के हिस्से का पानी तय होगा। बैठक से पहले जल संसाधन विभाग के अधिकारी मांग के अनुसार प्रस्ताव तैयार करते हैं लेकिन अधिकारी अभी इस संबंध में कोई खुलासा नहीं कर रहे हैं। आईजीएनपी सिंचित क्षेत्र में बुवाई के क्षेत्र को देखते हुए किसान नेता चार में से दो ग्रुप चलाने की मांग कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों व कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी हर बैठक में इस मांग का समर्थन किया था। जल परामर्शदात्री समिति की पिछली बैठक के बाद आईजीएनपी के मुख्य अभियंता ((उत्तर संभाग)) को भी बदलकर बिरदीचंद को यह चार्ज दे दिया गया लेकिन स्थिति में परिवर्तन नहीं हुआ है। विभाग ने पानी की सीमित उपलब्धता का हवाला देते हुए 28 जनवरी तक तीन में से एक ग्रुप का रेगुलेशन ही तय किया। इस रेगुलेशन को लागू करते समय 28 जनवरी से पहले जलपरामर्शदात्री समिति की बैठक करवाने की बात भी कही गई थी लेकिन अभी तक बैठक नहीं हुई है। इस मामले में दोनों जिलों के विधायक चुप हैं। हालांकि विधायक रामप्रताप का कहना है कि चार में से दो ग्रुप चलाने की मांग की गई है। यह जायज मांग है और विभागीय अधिकारी सरकार के नुमाइंदे होने के नाते इसी मांग के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर बीबीएमबी की बैठक में रखेंगे।
बांधों में है इतना पानी
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक रणजीत सागर बांध में 27 जनवरी को पानी का स्तर 509.32 मीटर है जबकि पिछले साल स्तर 512.08 मीटर था। पौंग बांध में पिछले साल के 1336.78 फीट के मुकाबले 1341.66 फीट पानी है। उधर, भाखड़ा बांध में पानी का स्तर 1630.75 फीट नोट किया गया जबकि पिछले साल 27 जनवरी को पानी का स्तर 1605.96 फीट था।
॥मंगलवार को बीबीएमबी की बैठक के तुरंत बाद राजस्थान को मिलने वाले पानी का शेयर बता दिया जाएगा। 29 जनवरी से नया रेगुलेशन भी इसी के अनुसार तय होगा।
बिरदीचंद, मुख्य अभियंता, जल संसाधन ((उत्तर संभाग))